nst news, भोपाल. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी और फुटबॉल दोनों में जीत दर्ज कर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। महिला हॉकी टीम ने छत्तीसगढ़ को 5-3 से हराया, वहीं पुरुष फुटबॉल टीम ने तमिलनाडु को 3-1 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत हासिल की। यह सफलता खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास, रणनीतिक खेल और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिणाम है। मध्यप्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। सटीक पासिंग, तेज आक्रमण और मजबूत डिफेंस के चलते टीम ने पूरे मैच में बढ़त कायम रखते हुए निर्णायक जीत हासिल की। खिलाड़ियों की ऊर्जा और समर्पण ने दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया। यह जीत मध्यप्रदेश की जनजातीय महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का सशक्त उदाहरण है। टीम की प्रत्येक खिलाड़ी ने अपनी भूमिका का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हॉकी टीम के खिलाड़ी
मध्यप्रदेश महिला हॉकी टीम में शामिल खिलाड़ी हैं: भानु क्षेत्रे, रजनी वास्कले, जमना पार्टे, मनीषा भूरिया, नेहा सौटा, प्रियंशी भंवर, हर्षिता सोलंकी, संध्या सिंह गोंड, शिवानी बामनिया, मानसी नरनौरे, निर्मला वास्कले, केशर भाबर, सुषमा धुर्वे, भूमिका पांडे, राग्याश्री बामनिया, प्रियंशी क्षेत्रे, वंशिका उइके एवं अलीना ट्रीसा वार्की।
फुटबॉल में भी मध्यप्रदेश का शानदार प्रदर्शन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मध्यप्रदेश पुरुष फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु को 3-1 से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। मैच के दौरान टीम ने उत्कृष्ट तालमेल, आक्रामक खेल शैली एवं सुदृढ़ रक्षा का परिचय देते हुए अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
ऐतिहासिक आयोजन में मध्यप्रदेश की दमदार उपस्थिति
उल्लेखनीय है कि देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ कर रहा है। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चल रहे इस आयोजन में देशभर के लगभग 3800 जनजातीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। रायपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर में आयोजित इस महाकुंभ में सात प्रमुख खेलों में प्रतिस्पर्धाएं हो रही हैं।

जनजातीय प्रतिभाओं को मिला मंच
यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी के साथ यह प्रतियोगिता खेल जगत में समावेशिता एवं प्रतिभा संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने इस ऐतिहासिक आयोजन में अपने कौशल और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि राज्य में खेलों के निरंतर विकास एवं खिलाड़ियों को प्रदान किए जा रहे प्रोत्साहन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।


