नई दिल्ली: Indian Premier League 2026 सीजन के आगाज के साथ दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में Mumbai Indians और Kolkata Knight Riders के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान Hardik Pandya ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन में टी20 क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल Sunil Narine को भी जगह दी गई है, जिनका आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड रहा है। इस मुकाबले में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते ही नरेन ने विदेशी खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया, जिससे उन्होंने लीग के इतिहास में अपनी एक खास पहचान और मजबूत कर ली है।
वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी सुनील नरेन आईपीएल में डेब्यू करने के बाद से लेकर अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की तरफ से ही खेलते हुए दिखे हैं। सुनील नरेन ने इस दौरान टीम को तीन बार ट्रॉफी जिताने में भी अहम भूमिका अदा की है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में केकेआर ने जैसे ही सुनील नरेन को अपनी प्लेइंग 11 में जगह दी उसी के साथ वह आईपीएल में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए। इस मामले में सुनील नरेन अपने ही देश के दिग्गज खिलाड़ी कायरन पोलार्ड को पीछे छोड़ने का काम किया जो पहले इस कुर्सी पर काबिज थे। सुनील नरेन का ये आईपीएल में 190वां मुकाबला है। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर संयुक्त रूप से एबी डिविलियर्स और डेविड वॉर्नर का नाम है जिसमें दोनों ने 184-184 मैच आईपीएल में खेले हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी
- सुनील नरेन – 190 मैच
- कायरन पोलार्ड – 189 मैच
- एबी डिविलियर्स – 184 मैच
- डेविड वॉर्नर – 184 मैच
- ड्वेन ब्रावो – 161 मैच
सुनील नरेन का आईपीएल में अब तक गेंद और बल्ले दोनों से शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसमें गेंदबाजी में वह अब तक 192 विकेट 25.63 के औसत से हासिल कर चुके हैं, ऐसे में उनके पास इस सीजन 200 विकेट का आंकड़ा पूरा करने का भी शानदार मौका रहने वाला है। इसके अलावा बल्लेबाजी में वह 17.62 के औसत से 1780 रन बना चुके हैं।


