जॉश इंग्लिस की जगह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को मौका, शुरुआती मैचों में सिर्फ बल्लेबाज की भूमिका
न्यू चंडीगढ़। पंजाब किंग्स के लिए IPL 2026 में नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम को लेकर तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। जॉश इंग्लिस की जगह अब ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी कूपर कॉनली इस भूमिका में नजर आ सकते हैं।
इंग्लिस की जगह कॉनली पर भरोसा
पिछले सीजन में इंग्लिस ने पंजाब के लिए नंबर-3 पर अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन उनकी उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता के कारण टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। बाद में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया।
ऐसे में PBKS मैनेजमेंट अब कॉनली को इस महत्वपूर्ण स्थान पर मौका देने की तैयारी में है।
फिलहाल गेंदबाजी नहीं करेंगे कॉनली
कूपर कॉनली बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं, लेकिन फिलहाल पीठ की चोट से उबर रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम ने उन्हें IPL के शुरुआती चरण में गेंदबाजी नहीं करने की सलाह दी है। ऐसे में अप्रैल के अंत तक वे केवल बल्लेबाज के रूप में ही खेलेंगे।
हालिया फॉर्म रहा उतार-चढ़ाव भरा
कॉनली ने बिग बैश लीग (BBL) की शुरुआत लगातार दो अर्धशतकों के साथ की थी, लेकिन इसके बाद 15 टी20 पारियों में वे सिर्फ तीन बार ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 28 रन रहा।
पहला मुकाबला गुजरात से
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स का पहला मुकाबला 31 मार्च को शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला जाएगा। अब देखना होगा कि कॉनली इस नई भूमिका में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं और टीम के लिए कितने उपयोगी साबित होते हैं।


