मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे खिलाड़ी, टीम कॉम्बिनेशन पर असर
चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2026 की शुरुआत से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस मांसपेशियों में खिंचाव (साइड स्ट्रेन) के कारण शुरुआती 2-3 मैचों से बाहर हो गए हैं। वहीं अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी भी करीब दो हफ्ते तक टीम से दूर रहेंगे।
ब्रेविस की जगह इन खिलाड़ियों को मिल सकता मौका
ब्रेविस की अनुपस्थिति में टीम मैनेजमेंट सरफराज खान या मैथ्यू शॉर्ट को प्लेइंग इलेवन में मौका दे सकता है। ब्रेविस ने IPL में अब तक 16 मैचों में 455 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की है।
नाथन एलिस पूरे सीजन से बाहर
CSK के तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह टीम में स्पेंसर जॉनसन को शामिल किया गया है।
धोनी कम से कम 3 मैच मिस कर सकते हैं
एमएस धोनी पिंडली (काफ) में खिंचाव के कारण रिहैब से गुजर रहे हैं। अगर वे पूरे 14 दिन बाहर रहते हैं, तो कम से कम 3 मैच मिस कर सकते हैं। 44 वर्षीय धोनी इस सीजन के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं और उनका अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है।
शुरुआती मुकाबले चुनौतीपूर्ण
चेन्नई अपना पहला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 मार्च को खेलेगी। इसके बाद टीम पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी। लगातार चोटों के चलते CSK की टीम कॉम्बिनेशन पर असर पड़ सकता है, जिससे शुरुआती मुकाबले टीम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।


