नई दिल्ली : इटली के विश्व नंबर दो खिलाड़ी जानिक सिनर ने रविवार को बारिश से प्रभावित मियामी ओपन फाइनल में चेक गणराज्य के जीरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ वह बिना एक भी सेट गंवाए प्रतिष्ठित ‘सनशाइन डबल’ पूरा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। सिनर 2017 में रोजर फेडरर के बाद ऐसे पहले खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने इंडियन वेल्स और मियामी ओपन का खिताब लगातार अपने नाम किया है।
कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा में आयोजित इन टूर्नामेंटों को मिलाकर ‘सनशाइन डबल’ कहा जाता है। इस उपलब्धि के साथ सिनर उस खास क्लब में शामिल हो गए जिसमें फेडरर के अलावा नोवाक जोकोविक, आंद्रे आगासी, मार्सेलो रियोस, पीट सम्प्रास, माइकल चांग और जिम कूरियर जैसे दिग्गज शामिल हैं। सिनर ने अपने पहले सर्व पर 92 प्रतिशत अंक जीते और मैच के दौरान मिले तीनों ब्रेक पाइंट बचाए। इस जीत के साथ उन्होंने मास्टर्स 1000 मुकाबलों में बिना सेट गंवाए अपने मैचों की संख्या 17 तक पहुंचा दी।
मैं बेहद उत्साहित हूं: सिनर ने जताई खुशी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सिनर ने कहा कि इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए उन्होंने और उनकी टीम ने काफी मेहनत की है। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह घर लौटने को लेकर भी उत्साहित हैं। पहली बार सनशाइन डबल हासिल करना उनके लिए अविश्वसनीय अनुभव है, क्योंकि यह बहुत कठिन उपलब्धि मानी जाती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इसे हासिल कर पाएंगे, लेकिन टीम के प्रयासों से यह संभव हो सका। करीब 90 मिनट की बारिश की देरी से पहले सिनर मैदान पर फुटबॉल के साथ हल्का अभ्यास करते भी नजर आए।
बारिश ने मैच की रफ्तार को किया प्रभावित
उन्होंने शुरुआती सेट में 3-1 की बढ़त हासिल करने के लिए जल्द ही ब्रेक लिया और फिर शानदार सर्विस के सहारे बिना कोई अंक गंवाए अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट के पहले गेम के दौरान एक बार फिर बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते खिलाड़ियों को लगभग 90 मिनट तक कोर्ट से बाहर रहना पड़ा। इस दौरान सिनर ने फुटबॉल खेलकर खुद को व्यस्त रखा और टीम के सदस्यों के साथ पासिंग का अभ्यास भी करते नजर आए।
विश्व नंबर 22 जीरी लेहेका ने दूसरे सेट में दो सर्विस गेम के दौरान पांच ब्रेक प्वाइंट बचाए और फिर बिना कोई अंक गंवाए अपनी सर्विस होल्ड कर 4-3 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि इसके बाद जानिक सिनर ने मैच पर पूरी पकड़ बना ली। सिनर ने दूसरे सेट में अपने छठे ब्रेक प्वाइंट को भुनाते हुए 5-4 की बढ़त हासिल की और फिर अपनी सर्विस पर पहले ही चैंपियनशिप प्वाइंट पर ओपन कोर्ट में दमदार फोरहैंड लगाकर मुकाबले का अंत कर दिया।


