विश्व कप फुटबॉल 11 जून से, बढ़ती जा रही है बेताबी

0
विश्व युद्ध और अमेरिकी राजनीति के साए में 2026 फीफा विश्व कप के टिकट की बिक्री पर क्या असर आ रहा है
समझिए टिकट का पूरा माया जाल

भोपाल (national sports times) : जैसे-जैसे 11 जून का दिन नजदीक आ रहा है, 2026 फीफा विश्व कप के शुरू होने की बेताबी भी बढ़ती जा रही है। एक तरफ 2026 विश्व कप के यूनाइटेड स्टेट्स, कनाडा और मेक्सिको में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट के शुरू होने में 100 दिन भी नहीं बचे तो दूसरी तरफ दुनिया के नक्शे पर नजर डालें तो चारों तरफ मिसाइल और बम गिराए जाने की ही चर्चा है। जानकार तीसरे विश्व युद्ध की बातें कर रहे हैं। तो ऐसे में किसका ध्यान होगा 2026 फीफा विश्व कप को देखने पर?

हर बार फीफा विश्व कप मैचों के टिकट की बिक्री की बड़ी चर्चा रहती है, इस बार भी है पर गलत तरीके से: युद्ध का साया जिसमें न मालूम कब फ्लाइट बंद हो जाएं, वीजा न मिलने का डर, अमेरिकी राजनीति के चलते पता नहीं किस देश के सभी फुटबॉल प्रेमियों के अमेरिका आने पर रोक लगा दी जाए और उस पर फीफा की विश्व कप टिकट से ज्यादा से ज्यादा कमाई की चाह। ये सब 2026 फीफा विश्व कप की लोकप्रियता पर असर डाल रहे हैं।

अब तक कितने टिकट बिक गए?

फीफा की अपनी रिपोर्ट है कि अब तक जिन दो चरण में 2026 फीफा विश्व कप टिकट बेचे हैं, कुल लगभग 20 लाख टिकट बिक चुके हैं। टिकट की मांग की बात करें तो मांग इतनी ज्यादा थी कि उपलब्ध टिकट के मुकाबले 30 गुना से भी ज्यादा ने टिकट पाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया। टिकट पाने की इस चाह का अंदाजा आप इस अकेले रिकॉर्ड से लगाइए; 1930 से अब तक के 22 फीफा विश्व कप में खेले कुल 964 मैच को जितने दर्शकों ने देखा है, इस बार उससे भी 3.4 गुना ज़्यादा फुटबॉल प्रेमियों ने टिकट पाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया। ये अंदाजा तो आसानी से लगाया जा सकता है कि सबसे ज्यादा तीनों मेजबान देशों के लोगों ने टिकट खरीदे। इसके बाद इंग्लैंड, जर्मनी, ब्राजील, कोलंबिया, स्पेन, अर्जेंटीना और फ्रांस के फुटबॉल प्रेमी हैं। अभी तक सिर्फ दो चरण में टिकट बिक्री के आंकड़े फीफा ने जारी किए हैं हालांकि तीसरे चरण में भी टिकट बिक चुके हैं। टिकट बिक्री का नया चरण इस महीने के प्लेऑफ

मैचों के बाद खुलेगा। ये मैच बड़े खास हैं क्योंकि पूर्व चैंपियन इटली, डेनमार्क और पोलैंड जैसी टीमें इन्हीं से फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला कर रही हैं। अगर 2022 फीफा विश्व कप से तुलना करें तो 2022 फीफा विश्व कप से एक महीने पहले, फीफा ने रिपोर्ट दी थी कि आठ स्टेडियम में 64 मैचों के लिए कुल 28.9 लाख टिकट बेचे गए। बाद में इस गिनती को बढ़ाकर 31.82 लाख टिकट कर दिया। टिकट बिक्री से कुल 686 मिलियन डॉलर (आज के हिसाब से लगभग 6297 करोड़ रुपये) का धन आया। अब तो इन सभी आंकड़ों ने बदलना ही है, क्योंकि इस बार टीम की गिनती 32 से बढ़कर 48 हो गई है यानि कि ज्यादा मैच (11 जून के पहले मैच से 19 जुलाई के फाइनल तक कुल 104 मैच)। जो पिछले चार फीफा विश्व कप कतर, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका में खेले गए, उन सभी के रिकॉर्ड इस बार टूटेंगे।

2026 फीफा विश्व कप के लिए टिकट की कीमत क्या है?

इस बार टिकट की कीमत की जितनी चर्चा हो रही है, पहले कभी नहीं हुई। जैसा मैच वैसी टिकट की कीमत। 19 जुलाई को ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में होने वाले फाइनल के टिकट की कीमत 2030 डॉलर से 6370 डॉलर (लगभग 1.87 लाख रुपये से 5.87 लाख रुपये) के बीच है। कतर में 2022 विश्व कप फाइनल के मुकाबले में ये काफी ज्यादा है (तब कीमत 206 से 1607 डॉलर) तक थीं। इसी तरह 11 जून को मेक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज्टेक में होने वाले सबसे पहले मैच के टिकट की कीमत 560 से 2735 डॉलर के बीच हैं, जबकि बाकी ग्रुप राउंड के मैचों की टिकट की कीमत 100 से 575 डॉलर के बीच हैं। जब आखिरी-16 मैच वाला राउंड शुरू होगा तो टिकट 220 से 890 डॉलर के बीच रहेंगे जबकि क्वार्टर फाइनल मैच के लिए 410 से 1690 डॉलर, सेमी फाइनल टिकट 455 से 2780 डॉलर और तीसरे स्थान के मैच में राहत के साथ कीमत 165 से 1000 डॉलर रहेगी।

इन बढ़ी कीमत पर बड़ा शोर हुआ, विरोध भी हुआ तो इसके बाद फीफा ने 60 डॉलर की कीमत वाले ‘सपोर्टर एंट्री टियर’ टिकट बेचने की घोषणा कर दी। इनकी गिनती ज्यादा नहीं होगी इसलिए कुछ भाग्यशाली ही इस कीमत के टिकट पा सकेंगे। इस बार फीफा ने डायनेमिक टिकट प्राइसिंग वाली एक नई शुरुआत की है। इस पर भी बड़ी गलतफहमी बनी रही। असल में इसे ही टीम और मैच के हिसाब से टिकट की कीमत बदलना भी कह सकते हैं। जैसी मांग, जैसी टीम और जितने टिकट बचे हैं, उस हिसाब से टिकट की कीमत ऊपर-नीचे होती रहेगी। इसका मतलब है कि एक ही मैच और सीट कैटेगरी के लिए टिकट की कीमत बढ़ सकती है और घट भी सकती है। डायनेमिक प्राइसिंग आम तौर पर अब सभी इवेंट में देखने को मिल रहे हैं।

खरीदे टिकट वापस बाजार में कैसे आते हैं?

फीफा ने तो बार-बार कहा है कि टिकट खरीद लिया पर अब उसका इस्तेमाल नहीं करना तो उसे ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर ही वापस करो। गड़बड़ ये है कि टिकट बेचने वाली एजेंसी टिकट खरीदते समय कुल कीमत का 15% सरचार्ज लेती है और टिकट वापस करते हुए भी 15% फीस लेती है। इस फालतू कटौती को बचाने के लिए टिकट बाजार में आ जाते हैं जहां कई बार तो टिकट की ज्यादा कीमत भी मिल जाएगी।

बड़े मैचों के टिकट की मांग और उपलब्ध टिकट ऐसे फेक्टर हैं जो कीमत बढ़ा देंगे। नोट कीजिए – मेक्सिको में अपने टिकट को मूल खरीद कीमत से ज्यादा पर लिस्ट करने पर कानूनी प्रतिबंध है जबकि कनाडा या यूनाइटेड स्टेट्स में रहने वालों पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं। इसी वजह से वहां बाजार में खूब टिकट बिकते हैं और मनमानी कीमत मांगी जाती है।

विश्व कप टिकट की मांग का सच

आपको ये जानकार हैरानी होगी कि अभी तक अमेरिका के मैचों के टिकट सबसे कम मांग में हैं। यहां तक कि अमेरिका के सबसे पहले मैच के टिकट भी नहीं बिके। लॉस एंजिल्स का सोफी स्टेडियम अमेरिका के दो मैच का मेजबान है, जिसमें पहला मैच भी है।

कुछ न कुछ गड़बड़ तो है तभी तो जिस दिन फीफा चीफ जियानी इन्फेंटिनो ने दावा किया कि 2026 विश्व कप का ‘हर’ मैच ‘पहले ही बिक चुका है,’ फीफा ने उसके 6 दिन बाद ही अचानक ही टिकट बेचने की नई कोशिश शुरू कर दी। जिनका रजिस्ट्रेशन है उन्हें ‘खरीदने का एक खास मौका’ के सन्देश वाला ईमेल भेजा और विश्व कप के 104 मैच में से कम से कम 64 के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिए। ये सब देखकर जानकार मान रहे हैं कि फीफा ने शायद कुछ विश्व कप मैच के टिकट की मांग को बढ़ा-चढ़ाकर बताया है। ये भी कह सकते हैं कि टिकट की कीमत बढ़ाकर नई बिक्री शुरु कर दी।

कोई नहीं जानता कि फीफा ने ये अचानक बिक्री क्यों शुरु की? एक नजरिया ये है कि जो टिकट जो ब्रॉडकास्टर्स और स्पॉन्सर के लिए रखे थे, उनके न लेने पर अब बेच रहे हैं। इसी तरह जो टिकट लॉटरी में नहीं डाले (जो फरवरी में निकाली) अब उन्हें बेच रहे हैं। सभी फीफा से कह रहे हैं कि टिकट बिक्री का सच बताएं।

वैसे उपलब्ध बिक्री की इस नई लिस्ट में न तो फाइनल है और न ही कोई सेमीफाइनल। अर्जेंटीना, इंग्लैंड या मेक्सिको वाले कोई भी मैच भी लिस्ट में नहीं हैं। ब्राजील, कोलंबिया, कनाडा, अमेरिका, स्कॉटलैंड, मोरक्को और फ्रांस के लिए, कम से कम तीन में से दो ग्रुप मैच भी उपलब्ध नहीं हैं। तब भी ये तो तय है कि 2026 विश्व कप के ज्यादातर मैच के टिकट आखिरकार बिक ही जाएंगे। अभी तो टूर्नामेंट में लगभग तीन महीने बाकी हैं इसलिए इसे चिंता की बात नहीं मान रहे। अभी यह भी साफ नहीं है कि अप्रैल में कितने टिकट बेचे जाएंगे?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here