एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप: भारत को मिला बड़ा फायदा, तीन खिलाड़ी पदक की दौड़ में

0

नई दिल्ली : भारतीय महिला मुक्केबाजों ने मंगोलिया के उलानबटार में जारी एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। भारत की स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन, प्रिया गंघास और प्रीति पवार ने शुक्रवार को अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही भारत के कम से कम तीन पदक पक्के हो गए हैं, क्योंकि मुक्केबाजी में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को कम से कम ब्रॉन्ज मेडल मिलता है।

इसी के साथ भारत के लिए अब तीन पदक पक्के हो गए हैं। निकहत ने महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पूरी तरह दबदबा बनाते हुए फिलीपींस की जियान बागुहिन पर पहले ही राउंड में आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) से शानदार जीत हासिल की। अब सेमीफाइनल में निकहत का सामना चीन की वू यू से होगा जिन्होंने 2024 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में प्रिया ने संयम और समझदारी दिखाते हुए चीन की चेंगयु यांग को 4-1 से हराया। अब फाइनल में जगह बनाने के लिए प्रिया का मुकाबला मंगोलिया की नामुन मोनखोर से होगा।

इसके अलावा महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति ने पांचवें दिन बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की मुंगुन त्सेत्सेग को सर्वसम्मत निर्णय से 5-0 से हराया। इस जीत के साथ प्रीति ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उनका मुकाबला इम एजी से होगा। वहीं पुरुषों के 70 किग्रा वर्ग में दीपक का सफर क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया, जहां उन्हें जोर्डन के जेयाद ईशाश से 1-4 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here