एसएसटी न्यूज, भोपाल। बेंगलुरु में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–1 में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 1 रजत सहित कुल 4 पदक अपने नाम किए।
जेवलिन थ्रो में शानदार प्रदर्शन
अंडर-20 बालक वर्ग में खिलाड़ी कृष्णा चंद्र ने 70.68 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-20 बालिका वर्ग में शिवानी पटेल ने 43.76 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
शॉटपुट में भी रहा दबदबा
शॉटपुट स्पर्धा में समरदीप सिंह गिल ने पुरुष वर्ग में 19.74 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं वादिक तिवारी ने अंडर-20 बालक वर्ग में 16.70 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
युवा प्रतिभाओं ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में अंडर-20 वर्ग के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा। इससे यह साफ हुआ कि राज्य की खेल अकादमियों में दिया जा रहा प्रशिक्षण खिलाड़ियों को लगातार बेहतर बना रहा है।
खेल मंत्री ने दी बधाई
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का परिणाम है।


