नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 7वें मुकाबले में शुक्रवार को पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में पंजाब की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई, लेकिन प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड 11 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले प्रियांश आर्या को मिला। प्रियांश ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से टीम को तेज़ शुरुआत दी और बड़े लक्ष्य को आसान बना दिया, जिससे पंजाब किंग्स को शानदार जीत हासिल हुई।
354 से अधिक के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस विस्फोटक पारी के चलते प्रियांश आर्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। एक रिकॉर्ड में उन्होंने भारत के स्टार ओपनर और टी20 इंटरनेशनल के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की बराबरी की। वहीं आईपीएल इतिहास में यह केवल दूसरा मौका है जब 11 या उससे कम गेंद खेलने वाले किसी खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है।
प्रियांश आर्या ने की अभिषेक शर्मा की बराबरी
CSK के खिलाफ एक से ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले अनकैप्ड खिलाड़ियों के मामले में प्रियांश आर्या ने अभिषेक शर्मा की बराबरी की है। उन्होंने दूसरी बार आईपीएल में सीएसके के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता है। वहीं अभिषेक भी इंटरनेशनल डेब्यू से पहले दो बार चेन्नई के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
आईपीएल में सिर्फ दूसरी बार हुआ ऐसा ऐतिहासिक कारनामा
आईपीएल में यह केवल दूसरी बार हुआ है जब 11 गेंद या उससे कम खेलने वाले किसी खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है। इससे पहले साल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए ग्लेन फिलिप्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 गेंदों पर 25 रनों की विस्फोटक पारी खेलने के लिए यह सम्मान मिला था। अब इसी खास सूची में प्रियांश आर्या का नाम भी जुड़ गया है, जिन्हें महज 11 गेंदों की ताबड़तोड़ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


