नई दिल्ली : रविवार, 5 अप्रैल 2026 की देर रात जब देश सो रहा था, तब MMA आइकन संग्राम सिंह ब्यूनस आयर्स में इतिहास रच रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने खुद से 16 साल छोटे फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को हराकर अर्जेंटीना में MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया। संग्राम सिंह ने बयूनस आयर्स के खचाखच भरे टिगरे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में महज एक मिनट 45 सेकंड में धराशायी किया। संग्राम सिंह ने तिबस्ली (जॉर्जिया) और एम्स्टर्डम (नीदरलैंड्स) में जीत के बाद एमएमए में जीत की हैट्रिक पूरी की। फ्लोरियन काउडियर के खिलाफ लड़ाई में संग्राम सिंह को कुश्ती के दांव पेंचों का काफी फायदा हुआ। संग्राम सिंह ने अपनी पहली MMA फाइट में पाकिस्तानी फाइटर को 90 सेकंड में हराया था। दूसरी फाइट उन्होंने दूसरे राउंड में जीती थी।
जीत या सीख—संग्राम सिंह का दमदार संदेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जीत के बाद रिंग पर दिए उनके एक बयान से पूरा एमएमए एरिना तालियों के शोर से गूंज उठा। स्टेडियम के एक कोने से भारत माता की जय के भी नारे लग रहे थे। दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन संग्राम सिंह ने कहा कि मेरे लिए जीत-हार कोई मायने नहीं रखती। मैं या तो जीतता हूं या सीखता हूं। मैं अक्सर कहता हूं कि पैशन की कोई उम्र नहीं होती। मेरा अर्जेंटीना में फाइट जीतकर पहले भारतीय बनने का सपना साकार हुआ।
संग्राम सिंह बोले- योग और प्राणायाम से मिली जीत की ताकत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संग्राम सिंह ने कहा कि अब वह खुद को काफी हल्का महसूस कर रहे हैं और उनके दिमाग का सारा बोझ दूर हो गया है। उन्होंने बताया कि सुबह उठकर उन्होंने जल नेति की, प्राणायाम और योग किया, साथ ही सूर्य देवता को जल अर्पित किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। संग्राम सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय योग और प्राणायाम को दिया और युवाओं से भी अपील की कि वे इसी अनुशासन के साथ कड़ी मेहनत करें।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संग्राम सिंह ने आयोजकों के साथ ही अपने कोच भूपेश का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले 25 साल से उनके साथ हैं। वह भी मुझे कामयाबी दिलाने में दिन-रात जुटे रहे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि जीत के बाद उन्हें देश विदेश से बधाई संदेशों का तांता लग गया। संग्राम सिंह पेशेवर कुश्ती में भी वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन रह चुके हैं।
फाइट से पहले 600 ग्राम वजन घटाकर तैयार हुए
फ्लोरियन काउडियर के खिलाफ फाइट को लेकर संग्राम सिंह ने बताया कि इस बार हालात उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण थे। प्रतियोगिता से दो दिन पहले उनका वजन तय सीमा से 600 ग्राम ज्यादा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वजन कम करने के लिए उन्होंने अपने कोच के साथ कड़ी मेहनत की, खूब पसीना बहाया और पूरे दिन में केवल आधा गिलास पानी पिया। आखिरकार संग्राम सिंह 83 किलो वजन वर्ग में उतरे, जहां दो किलो की छूट भी थी, और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।


