Badminton Asia Championships: सात्विक-चिराग के हटने के बाद लक्ष्य सेन-पीवी सिंधु पर टिकी उम्मीद

0

नई दिल्ली : सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। मंगलवार से चीन के निंगबो में शुरू होने जा रहे इस टूर्नामेंट में अब भारत की उम्मीदें शानदार फॉर्म में चल रहे लक्ष्य सेन और अनुभवी पीवी सिंधु पर टिकी रहेंगी। दरअसल, सात्विक अभी कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसके चलते इस स्टार भारतीय जोड़ी को टूर्नामेंट से हटना पड़ा। गौरतलब है कि सात्विक और चिराग ने 2023 में इसी प्रतियोगिता का खिताब जीतकर इतिहास रचा था।

सिंगल्स में जीत की उम्मीदें बरकरार

भारतीय कोच टैन किम हेर ने बताया कि सात्विक को अभी भी कुछ दर्द है, इसलिए वे इस सप्ताह नहीं खेल पाएंगे। सात्विक के दाहिने कंधे में दर्द के कारण यह भारतीय जोड़ी स्विस ओपन में भी क्वार्टर फाइनल के मैच से भी हट गई थी। इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में भारत की निगाहें अब सिंग्लस के खिलाडि़यों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी, जिसका नेतृत्व लक्ष्य और सिधु करेंगे। यह दोनों इस प्रतियोगिता में सिंगल्स में देश के खिताब के 61 साल से चले आ रहे इंतजार को खत्म करने की कोशिश करेंगे।

लक्ष्य सेन की नजर बड़े रिकॉर्ड पर

पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन दिनेश खन्ना एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने 1965 में महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पुरुषों के सिंगल्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहने के बाद लक्ष्य उनके नक्शेकदम पर चलने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। वह हांगकांग के ली चेउक यिउ के विरुद्ध अपना अभियान शुरू करेगा।

महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु यूरोपीय चरण में भाग नहीं ले पाने के बाद वापसी कर रही हैं और उनका पहला मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा। पुरुष सिंगल्स में भारत की ओर से एचएस प्रणय, किदांबी श्रीकांत और आयुष शेट्टी भी चुनौती पेश करेंगे। वहीं महिला सिंगल्स में सिंधु के अलावा उन्नति हुड्डा, तन्वी शर्मा और मालविका बंसोड़ भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here