नई दिल्ली : मंगोलिया के उलानबटोर में चल रही एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत की बेटियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रीति पवार ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता को एकतरफा मुकाबले में हराकर इतिहास रच दिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। उनकी इस जीत ने भारत की स्वर्ण पदक की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है। साथ ही, इस प्रदर्शन ने पूरे टूर्नामेंट में भारतीय महिला मुक्केबाजों के दबदबे को भी स्पष्ट रूप से साबित किया है।
प्रीति पवार के साथ-साथ प्रिया और अरुंधति चौधरी ने भी अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह पक्की की। इससे एशियाई रिंग में भारत का परचम और ऊंचा लहराता नजर आ रहा है। उदीयमान भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने कोरिया की ऐजी इम को हराकर एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने 3 दौर के मुकाबले में इम को 5-0 से हराया।
प्रीति पवार की अगली भिड़ंत चीनी ताइपे की मुक्केबाज से
अब फाइनल में प्रीति पवार का सामना तीन बार की विश्व चैंपियन (2019, 2023,2025) और टोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपे की हुआंग सियाओ वेन से होगा। महिलाओं के 60 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिया ने स्थानीय मुक्केबाज नामून मोंखोर को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना उत्तर कोरिया की उन जियोंग वोन से होगा। अरुंधति ने उजबेकिस्तान की ओइशा तोइरोवा को 70 किलोवग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में 4-1 से हराया। अब उनका सामना कजाकिस्तान की बेकित सेइदिश से होगा।
निकहत जरीन को मिली हार, टूर्नामेंट से बाहर हुईं
वहीं,दो बार की वर्ल्ड चैंपियन रह चुकीं निकहत जरीन और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन हारकर बाहर हो गईं। लवलीना बोरगोहेन 2023 में मिडिलवेट वर्ग में विश्व चैंपियन भी रह चुकी हैं। दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन को ओलंपिक पदक विजेता चीन की वू यू ने 51 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में 5-0 से मात दी। निकहत की इस मुक्केबाज के खिलाफ यह दूसरी हार है।
टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को 75 किग्रा वर्ग में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता उजबेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा ने 5-0 से मात दी। पहले दौर में बाय मिलने के बाद यह उनका इस टूर्नामेंट में पहला मुकाबला था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर सकीं। इसी तरह विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पूजा रानी और अंकुशिता बोरो को भी सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा और दोनों को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। अंकुशिता को चीनी ताइपे की नियेन चिन चेन ने 3-0 से हराया, जबकि 80 किग्रा वर्ग में पूजा रानी कजाकिस्तान की एन. रियाबेत्स से सेमीफाइनल में हार गईं।


