नई दिल्ली : आश्चर्यजनक किन्तु सत्य के तहत आज हम आपको ऐसी बात बताने जा रहे हैं, जो शायद आपने कभी सुनी नहीं होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नई पीढ़ी जिसे जेन जी कहा जाता है, वो तो नहीं ही जानते होंगे, साथ ही 90 के दशक के लोग भी इस बात से अनजान होंगे। दरअसल हम जो बात आपको बताने जा रहे हैं, वो है ही कुछ ऐसी अनोखी है कि सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यह कोई साधारण रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन बात बेहद दिलचस्प जरूर है। आज हम उस खिलाड़ी की चर्चा कर रहे हैं, जिसने अपने टेस्ट करियर में उतने ही रन बनाए हैं, जितनी उनकी जन्मतिथि है।
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज एलेक स्टीवर्ट का आज जन्मदिन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, साल 1989 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज एलेक स्टीवर्ट का जन्म 8 अप्रैल 1963 को हुआ था। यानी अगर ये खबर आप आज ही पढ़ रहे हैं तो आज एलेक स्टीवर्ट का जन्मदिन भी है। उनकी जन्मतिथि को अगर अंकों में लिखा जाए तो उसे 8.4.63 लिखा जाएगा। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि साल 2003 तक टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले एलेक स्टीवर्ट ने जब रिटायरमेंट का ऐलान किया तो ठीक इतने ही रन उनके खाते में थे।
सौ से ज्यादा टेस्ट और वनडे खेलने वाले खिलाड़ी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एलेक स्टीवर्ट ने अपने टेस्ट करियर में 133 टेस्ट मैच खेलकर 8463 रन बनाए हैं। अगर शताब्दी का अंक यानी 19 को छोड़ दें तो ठीक उतने ही रन, जिस तारीख, महीने और साल में उनका जन्म हुआ। आप चेक कर लीजिए। एलेक स्टीवर्ट ने इस दौरान 15 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं। ऐसा नहीं है कि एलेक स्टीवर्ट केवल टेस्ट की खेले। उनका नाम दुनिया के उन खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार होता है, जिन्होंने 100 से ज्यादा वनडे और टेस्ट मैच खेले हैं। एलेक स्टीवर्ट ने 170 वनडे मैच खेलकर 6841 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक और 28 अर्धशतक शामिल रहे। हालांकि वे टी20 इंटरनेशनल नहीं खेल पाए, क्योंकि जब तक ये फॉर्मेट आया, तब तक एलेक स्टीवर्ट रिटायर हो चुके थे।
साल 2003 में इंटनेशनल क्रिकेट का कहा अलविदा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट से तो एलेक स्टीवर्ट ने साल 2003 में ही रिटायरमेंट ले लिया था। लेकिन इसके बाद वे शौकिया तौर पर खेलते रहे और साल 2006 में उन्होंने अपना आखिरी मैच खेला। उनकी गिनती आज भी इंग्लैंड के दाएं हाथ के बल्लेबाज और दिग्गज विकेट कीपर के तौर पर होती है। आज वे 63 साल हो गए हैं। एलेक स्टीवर्ट ने अपने करियर के दौरान 15 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी भी की है। इसमें से चार में वे जीते, आठ में हार मिली और तीन मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए।


