नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 14वां लीग मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अब तक इस सीजन 2-2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने दोनों मैच जीतकर शानदार शुरुआत की है। वहीं गुजरात टाइटंस को अपने दोनों शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है और वह अभी भी प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता खोलने की कोशिश में है। ऐसे में इस मैच में सभी की नजरें दिल्ली की जीत की लय को बरकरार रखने और गुजरात की वापसी पर टिकी रहेंगी। साथ ही कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की आपसी टक्कर भी मैच का रुख तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
1 – केएल राहुल बनाम कगिसो रबाडा
केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के सबसे अहम ओपनिंग बल्लेबाज हैं, लेकिन आईपीएल 2026 सीजन के शुरुआती दोनों मैचों में वह पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं और सिर्फ 1 रन ही बना सके हैं। ऐसे में उनके लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, जहां उनके सामने बड़ी चुनौती कगिसो रबाडा होंगे। राहुल ने अब तक आईपीएल करियर में रबाडा का 9 पारियों में सामना किया है, जिसमें वह 3 बार उनका शिकार बन चुके हैं। उन्होंने रबाडा की 46 गेंदों का सामना करते हुए 77 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.39 का रहा है।
2 – केएल राहुल बनाम प्रसिद्ध कृष्णा
गुजरात टाइटंस की टीम ने अभी तक आईपीएल के इस 19वें सीजन में शुरुआती दो मुकाबलों में प्रसिद्ध कृष्णा को पारी के बीच में गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्हें नई गेंद के साथ बॉलिंग देने पर गुजरात टाइटंस की टीम विचार कर सकती है, क्योंकि उनका रिकॉर्ड अब तक काफी बेहतर रहा है। प्रसिद्ध कृष्णा ने आईपीएल में केएल राहुल को 7 पारियों में गेंदबाजी की है, जिसमें से वह उनको तीन पारियों में आउट करने में कामयाब रहे हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने केएल राहुल को कुल 52 गेंदें फेंकी हैं और उसमें उन्होंने 72 रन दिए हैं।
3 – जोस बटलर और लुंगी एनगिडी
जोस बटलर की गिनती टी20 फॉर्मेट के मैच विनर बल्लेबाजों में की जाती है, जो अपने दिन पर अकेले मुकाबले को खत्म करने की क्षमता रखते हैं। बटलर को गुजरात टाइटंस की तरफ से इस सीजन नंबर-3 की पोजीशन पर मौका दिया जा रहा है, लेकिन वह दोनों ही मैचों में कोई कमाल दिखा पाने में कामयाब नहीं हो सके हैं। यदि गुजरात टाइटंस की टीम शुरुआती ओवर्स में जल्दी विकेट गंवाती है तो उस स्थिति में बटलर और लुंगी एनगिडी के बीच होने वाले मुकाबले पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। अभी तक टी20 क्रिकेट में दोनों का आमना-सामना 10 पारियों में हो चुका है, जिसमें से जोस बटलर तीन बार लुंगी एनगिडी का शिकार बने हैं। इस दौरान उन्होंने 41 गेंदों का सामना करते हुए 66 रन भी बनाए हैं।


