नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 19वें सीजन का आगाज अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। टीम ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है। सीजन शुरू होने से पहले टीम के कई अहम खिलाड़ी फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे थे, जिनमें साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का नाम भी शामिल था। अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, क्योंकि ब्रेविस पूरी तरह फिट हो चुके हैं और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं।
11 अप्रैल को होगी खास मुलाकात
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के कुछ खिलाड़ी जिसमें डेवाल्ड ब्रेविस भी शामिल थे, वह चेन्नई में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान उन्होंने वहां पर मौजूद फैंस के सवालों का जवाब भी दिया, इसी में जब डेवाल्ड ब्रेविस से फैंस ने कोई संदेश देने के लिए कहा कि तो उन्होंने कहा कि आप सभी से 11 तारीख को मुलाकात होगी… हर मैच में, हम जहाँ कहीं भी खेलेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बता दें कि डेवाल्ड ब्रेविस को सीजन का आगाज होने से पहले साइड स्ट्रेन इंजरी हो गई थी, जिसके चलते वह शुरुआती तीन मैचों में नहीं खेल पाए थे। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद जानकारी दी थी कि ब्रेविस के अगले मैच से वापसी के लिए लगभग तैयार हैं, लेकिन हमें देखना होगा कि उनकी रिकवरी कैसी है। बता दें कि डेवाल्ड ब्रेविस को सीएसके की टीम ने मौजूदा सीजन के लिए 2.20 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
पिछले सीजन ब्रेविस ने बल्ले से दिखाया था कमाल
डेवाल्ड ब्रेविस ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पिछले आईपीएल सीजन में मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने 180 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 225 रन बनाए थे। ऐसे में इस सीजन के शुरुआती तीन मैचों में ब्रेविस की कमी टीम के बल्लेबाजी क्रम में साफतौर पर देखने को मिली है। चेन्नई सुपर किंग्स को अपना अगला मुकाबला 11 अप्रैल को अपने होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है।


