नई दिल्ली : आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से गुवाहाटी में होगा। इस समय दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। राजस्थान रॉयल्स ने अपने खेले गए तीनों मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी अपने दोनों मुकाबले जीतकर बेहतरीन शुरुआत की है। ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
राजस्थान और आरसीबी दोनों टीमें बेहद संतुलित दिख रही हैं और इन दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए अपनी बेहतरीन प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना होगा। इन दोनों टीमों की गेंदबाजी व बल्लेबाजी की बात करें तो दोनों के पास एक से एक शानदार खिलाड़ी हैं जो अपनी टीम को जीत दिलाने की पूरी ताकत रखते हैं। आखिर आईपीएल 2026 के 16वें मैच के लिए राजस्थान और आरसीबी की प्लेइंग इलेवन किस तरह की हो सकती है इसके बारे में जानते हैं।
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन
राजस्थान की बात करें तो टीम के लिए पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल करेंगे और दोनों गजब की फॉर्म में हैं तो वहीं तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल होंगे। चौथे नंबर पर कप्तान रियान पराग होंगे जबकि इसके बाद शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा और फिर रविंद्र जडेजा होंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और अनुभवी संदीप शर्मा के हाथों में होगी। राजस्थान ने अपने आखिरी मैच में जिस तरह से मुंबई को हराया था उसके बाद इस टीम का उत्साह सातवें आसमान पर होगा।
आरसीबी की संभावित टीम
आरसीबी कमाल की लय में है और राजस्थान के खिलाफ मुकाबले के लिए ये टीम अपने विनिंग कांबिनेशन के साथ शायद ही छेड़छाड़ करना चाहेगी। इस टीम की बैटिंग लाइनअप बेजोड़ है जिसमें पारी की शुरुआत विराट कोहली के साथ फिल साल्ट करेंगे जबकि इसके बाद देवदत्त पडीक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड,रोमारियो शेफर्ड और फिर क्रुणाल पंड्या होंगे। गेंदबाजी लाइनअप में भुवी, अभिनंदर और जैकब डफी होंगे।
राजस्थान के खिलाफ आरसीबी की संभावित प्लेइंग 11
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडीक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी।
आरसीबी के खिलाफ राजस्थान की संभावित प्लेइंग 11
वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोवोमन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा।


