नई दिल्ली : वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2026 के 16वें मैच में शानदार पारी खेली और इस दौरान उन्होंने यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन समेत चार खिलाड़ियों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। वैभव ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने पावरप्ले यानी पहले 6 ओवर में ही एक विकेट पर 97 रन बना दिए।
वैभव सूर्यवंशी ने एक साथ 4 बल्लेबाजों के रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास
वैभव ने आरसीबी के खिलाफ 26 गेंदों पर 78 रन की पारी खेली और इस दौरान 7 छक्के और 8 चौके भी लगाए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर 37 गेंदों पर 108 रन की शतकीय साझेदारी भी की। वैभव का स्ट्राइक रेट इस पारी के दौरान 300.00 का रहा। वहीं इस पारी के बाद उन्होंने एक साथ 4 बैटर्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया जिसमें केएल राहुल, रिद्धिमान साहा, यशस्वी जायसवाल और इशान किशन शामिल हैं।
वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह कारनामा इस लीग में तीसरी बार किया है और इसके साथ ही उन्होंने केएल राहुल, रिद्धिमान साहा, यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह उपलब्धि दो-दो बार हासिल की थी। वहीं ओवरऑल आईपीएल पावरप्ले में सबसे ज्यादा 50+ पारियों के मामले में वैभव ने जोस बटलर की बराबरी कर ली है, जिन्होंने भी यह कारनामा तीन बार किया है।
आईपीएल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा बार 50+ की पारी खेलने वाले भारतीय बैटर्स
3 – वैभव सूर्यवंशी
2 – केएल राहुल
2 – रिद्धिमान साहा
2- यशस्वी जायसवाल
2- ईशान किशन
1 – सनी सोहल
1- सुरेश रैना
1- अजिंक्य रहाणे
आईपीएल में 250+ की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार 50+ का स्कोर बनाने वाले भारतीय
04: अभिषेक शर्मा
03: वैभव सूर्यवंशी
02: ईशान किशन
02: यूसुफ़ पठान
02: हार्दिक पंड्या


