RR vs RCB: राजस्थान रॉयल्स की 6 विकेट से शानदार जीत, आरसीबी को मिली करारी हार

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने अपना चौथा मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की और इस सीजन में लगातार चौथी जीत हासिल की। कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन बनाए। एक समय टीम 125 रन पर अपने 7 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार ने 63 रनों की अहम पारी खेली, जबकि इम्पैक्ट प्लेयर वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 29 रन बनाकर स्कोर को 201 तक पहुंचाया। राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली।

राजस्थान रॉयल्स जब इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्होंने 21 के स्कोर पर अपना पहला विकेट यशस्वी जायसवाल के रूप में गंवा दिया था, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर पहले 6 ओवर्स में धुआंधार बल्लेबाजी करने के साथ मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वैभव ने इस मैच में सिर्फ 26 गेंदों में 78 रनों की पारी खेली। वहीं उनके पवेलियन लौटने के बाद ध्रुव जुरेल ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और राजस्थान रॉयल्स को इस मैच में 18 ओवर्स में 6 विकेट से जीत दिलाकर वापस लौटे। ध्रुव जुरेल के बल्ले से इस मैच में 43 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और तीन छक्के लगाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा के बल्ले से भी 25 गेंदों में 24 रनों की पारी देखने को मिली।

राजस्थान रॉयल्स की इस मैच में प्लेइंग 11

आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने अपनी प्लेइंग 11 में इन प्लेयर्स को जगह दी है – यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रजेश शर्मा।

आरसीबी की प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी ने अपनी प्लेइंग 11 में इन प्लेयर्स को दी जगह – विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here