नई दिल्ली : हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक से जरूर चूक गए, लेकिन उन्होंने 26 गेंदों में 40 रन की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इस दौरान उनके बल्ले से 3 छक्के और एक चौका देखने को मिला। क्लासेन की इस तेजतर्रार पारी ने न सिर्फ टीम के लिए बड़ा योगदान दिया, बल्कि इसी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
क्लासेन का कमाल, सचिन का रिकॉर्ड ध्वस्त
क्लासेन ने राजस्थान के खिलाफ 40 रन की पारी खेली और आईपीएल की पहली 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में वो छठे नंबर पर आ गए। क्लासेन ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा जो 1683 रन के साथ पहले छठे नंबर पर थे, लेकिन अब वो 7वें नंबर पर आ गए।
इस लीग में पहले 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 2236 रन बनाए थे जबकि दूसरे नंबर पर शॉन मार्श 1933 रन के साथ मौजूद हैं। तीसरे नंबर पर माइक हसी हैं जिन्होंने 1777 रन बनाए थे जबकि चौथे नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़ 1771 रन बनाए हैं।
आईपीएल की पहली 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-7 बैटर
2236 रन : क्रिस गेल
1933 रन : शॉन मार्श
1777 रन : माइक हसी
1771 रन : ऋतुराज गायकवाड़
1725 रन : शेन वॉटसन
1704 रन : हेनरिक क्लासेन
1683 रन : सचिन तेंदुलकर
पंत से आगे क्लासेन
आईपीएल की पहली 50 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्लासेन तीसरे नंबर पर 97 छक्कों के साथ मौजूद हैं जबकि ऋषभ पंत इस लिस्ट में 83 छक्कों के साथ चौथे नंबर पर हैं जबकि क्रिस गेल 163 सिक्स के साथ पहले स्थान पर हैं जबकि आंद्रे रसेल दूसरे नंबर पर हैं।
50 आईपीएल पारियों के बाद सर्वाधिक छक्के
163 छक्के : क्रिस गेल
118 छक्के : आंद्रे रसेल
97 छक्के : हेनरिक क्लासेन
83 छक्के : ऋषभ पंत
80 छक्के : निकोलस पूरन


