संघर्ष से सफलता तक: साकिब हुसैन की कहानी, SRH के लिए यादगार IPL डेब्यू

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला पूरी तरह सनराइजर्स हैदराबाद के पक्ष में गया, जहां टीम ने हर विभाग में दमदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार जीत दर्ज कर चुकी राजस्थान रॉयल्स को एकतरफा अंदाज में हरा दिया। इस शानदार जीत का सबसे बड़ा योगदान हैदराबाद के दो नए भारतीय तेज गेंदबाजों का रहा, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अब तक इस सीजन बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, मुकुल चौधरी और समीर रिजवी जैसे खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी थी, लेकिन इस मैच के बाद गेंदबाजी में भी भारतीय युवा खिलाड़ियों का दम दिखा। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन के रूप में टीम को दो उभरते हुए सितारे मिलते नजर आए।

यह दोनों खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में एक नए युग की शुरुआत लेकर आए। कप्तान इशान किशन ने अनुभवी हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट को टीम से बाहर किया और दोनों खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका मिला। प्रफुल्ल हिंगे ने जहां पहले ओवर से ही मैच की तस्वीर पलट दी और वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, लुहान प्रेटोरियस को डक पर आउट कर राजस्थान की कमर तोड़ दी। उनके बाद साकिब हुसैन ने भी कमाल की गेंदबाजी की।

जानिए कौन हैं साकिब हुसैन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साकिब हुसैन का जन्म बिहार के गोपालगंज में हुआ था। यह खिलाड़ी आईपीएल में नया नहीं है लेकिन बस खेलने पहली बार उतरा। इससे पहले 2024 में केकेआर के लिए इस खिलाड़ी को स्क्वाड में जगह मिली थी। मगर कोलकाता के लिए यह खिलाड़ी खेल नहीं पाया। उसके बाद आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 30 लाख के बेस प्राइस पर 21 साल के पेसर को खरीदा। यह फैसला सही था, इसे साकिब ने अपने यादगार डेब्यू से साबित किया।

पिता किसान, मां का त्याग: गहने बेचकर दिलाए बेटे को जूते

राजस्थान के खिलाफ 4 ओवर में महज 24 रन देकर चार विकेट लेते हुए साकिब ने अपने पिता और माता के संघर्ष का मूल अदा किया। साकिब का एक पुराना वीडियो है जब वह केकेआर का हिस्सा थे, उसमें उन्होंने पूरी कहानी बताई थी। उनके पिता एक साधारण किसान थे। जब घर में उनकी कमाई से गुजर नहीं होता था तो वह मजदूरी भी करते थे। जब वह घुटनों के दर्द से परेशान हुए तो घर चलाने में और दिक्कत होने लगी।

साकिब को भी कई बार घर चलाने के लिए 500-700 रुपये में टेनिस बॉल से मैच खेलना पड़ता था। जब साकिब का रणजी टीम में बिहार के लिए चयन हुआ तो उनके पास जूते नहीं थे। अक्सर उनको फटे जूतों से खेलना पड़ता था, तो उनकी मां ने उनके लिए अपने गहने बेचकर जूते भी खरीदे। हालांकि, साकिब का परिवार चाहता था कि वह भारतीय सेना में जाएं और परिवार के लिए एक कमाई का कोई साधन आए, लेकिन भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं, आज उनके माता-पिता का सपना पूरा हुआ जब उनके बेटे ने बॉर्डर नहीं लेकिन क्रिकेट के मैदान पर, आईपीएल 2026 में यादगार डेब्यू किया और सुर्खियां बटोरीं।

कैसा रहा साकिब का करियर रिकॉर्ड?

साकिब के घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन की बात करें तो 2022-23 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जरिए उन्होंने टी20 डेब्यू किया था। तब उनकी उम्र 17 साल थी और उन्होंने अपने दूसरे ही मैच में 20 रन देकर चार विकेट लेते हुए इस गेंदबाज ने जलवा बिखेर दिया था। साकिब ने इसके बाद रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अरुणाचल प्रदेश के सामने 41 रन देकर छह विकेट लेकर तहलका मचाया।

साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे ने सनराइजर्स हैदराबाद को इस सीजन के बीच एक नई ऊर्जा प्रदान की है। इन दोनों खिलाड़ियों ने इस मैच में 4-4 विकेट लेकर एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में भी जगह बनाई। दोनों का बेस्ट आईपीएल डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भी नाम दर्ज हो गया है। इस लिस्ट में उनसे पहले सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी ही था। अब यह दोनों भी इसका हिस्सा बन गए हैं।

IPL डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

6/12 : अल्जारी जोसेफ (MI) vs SRH, हैदराबाद, 2019
5/17 : एंड्रू टाई (GL) vs RPS, राजकोट, 2017
4/11 : शोएब अख्तर (KKR) vs DC, कोलकाता, 2008
4/26 : केवोन कूपर (RR) vs PBKS, जयपुर, 2012
4/24 : अश्वनि कुमार (MI) vs KKR, मुंबई, 2025
4/24 : साकिब हुसैन (SRH) vs RR, हैदराबाद, 2026
4/33 : डेविड वीज (RCB) vs MI, बेंगलुरु, 2015
4/34 : प्रफुल्ल हिंगे (SRH) vs RR, हैदराबाद, 2026

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here