प्रदेश भर में 15 अप्रैल से शुरू होंगे समर कैंप, नई प्रतिभाओं को मिलेगा मौका : मंत्री विश्वास सारंग

0

भोपाल (NST)। मप्र के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि 15 अप्रैल से 15 जून तक पूरे प्रदेश में समर कैंप शुरू होंगे। जिसमें लगभग 1 लाख से अधिक युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पिछले वर्ष भी समर कैंप में युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। कैंप में क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के कैंप लगाए जाएंगे, जिसमें योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समर कैंप के माध्यम से प्रदेश में नई खेल प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा।उन्होंने निर्देश दिए कि समर कैंप का आयोजन पूरी तैयारी और प्रभावी योजना के साथ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे खेलों से जुड़ सकें। टीटी नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में आयोजित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यों और आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी बन सकें। इसके अलावा फीडर सेंटर, स्मॉल सेंटर और खेल अकादमियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें पुनः डिजाइन करने के निर्देश दिए गए, ताकि सभी इकाइयों में एकरूपता लाई जा सके और खिलाड़ियों के विकास की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सके। बैठक में प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण मनीष सिंह, संचालक अंशुमान सिंह और उप-संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here