एनएसटी न्यूज, भोपाल। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित बीडीसीए अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी ने लेगसी क्रिकेट अकादमी को 182 रन से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर कप्तान दक्ष सक्सेना ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ। टीम की ओर से कबीर अग्रवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 122 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनके अलावा ओम रघुवंशी ने 54 रन और अक्षत द्विवेदी ने 28 रन का योगदान दिया, जिससे टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लेगसी क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में विराज कोरी और राज ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन वे टीम को बड़े स्कोर से नहीं रोक सके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेगसी क्रिकेट अकादमी की टीम दबाव में आ गई और मात्र 93 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से राज ने 24 रन और रुद्र प्रताप तोमर ने 23 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके।
विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में प्रवेश बामरे और अक्षत द्विवेदी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि इब्राहिम ने 1 विकेट हासिल किया। कबीर अग्रवाल को उनके शानदार शतक के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार बचपन स्कूल के संचालक नवदीप सिंह राजपाल और वसीम खान ने प्रदान किया।


