नई दिल्ली : IPL 2026 में गुरुवार (16 अप्रैल) को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस की टीम में बदलाव देखने को मिला है। अथर्व अंकोलेकर की जगह पंजाब के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज कृष भगत को शामिल किया गया है। 25 साल के अंकोलेकर रणजी ट्रॉफी के दौरान घुटने की चोट का शिकार हो गए थे और अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।
कृष भगत घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलते हैं। वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और निचले क्रम में बल्ले से भी योगदान कर सकते हैं। जलंधर के रहने वाले कृष भगत आम आदमी पार्टी के विधायक मोहिंदर भगत के भतीजे हैं। करियर की शुरुआती दिनों में उन्हें गंभीर चोट लगी थी। हालांकि, उन्होंने कड़ी मेहनत करके रीढ़ की हड्डी की चोट से उबरे।
कृष ने दो साल की मेहनत के बाद मुंबई इंडियंस में बनाई जगह
कृष भगत ने चोट से उबरने के बाद आयु-समूह क्रिकेट में प्रभाव डाला। उन्होंने कूच बिहार ट्रॉफी में 500 रन बनाए और सीके नायडू ट्रॉफी में 30 विकेट लिए। कृष बीते 2 साल से मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल दे रहे थे। उन्होंने डीवाई पाटील टी20 कप 2026 में रिलायंस की टीम का प्रतिनिधित्व किया। वह मुंबई इंडियंस के साथ सपोर्ट गेंदबाज के तौर पर इस आईपीएल सीजन से पहले जुड़े थे।
30 लाख में मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने भगत
आईपीएल ने अथर्व अंकोलेकर की जगह मुंबई इंडियंस के स्क्वाड में कृष भगत के शामिल होने की पुष्टि की। बयान में कहा गया कि अंकोलेकर चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं, जिसके चलते उनकी जगह 21 वर्षीय तेज गेंदबाज कृष भगत को टीम में शामिल किया गया है। भगत पंजाब के लिए सात प्रथम श्रेणी और नौ लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं। वह दाएं हाथ के मीडियम पेसर हैं और लिस्ट ए क्रिकेट में अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनिंग ऑलराउंडर अंकोलेकर 2020 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम का हिस्सा रहे थे और 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। भगत को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा है।


