नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 26वें लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेली जा रही है, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जहां दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी का इस सीजन अब तक प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 5 में से 4 मैच जीते हैं। फिलहाल आरसीबी 8 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है और उसकी नजर इस मुकाबले को जीतकर टॉप पोजीशन हासिल करने पर टिकी हुई है।
दिल्ली कैपिटल्स टीम को लेकर बात की जाए तो उन्होंने इस सीजन की शुरुआत काफी शानदार तरीके से की थी, जिसमें शुरुआती दो मुकाबलों को वह एकतरफा तरीके से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। वहीं इसके बाद उन्हें पिछले दो मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में उनके लिए ये मैच काफी अहम रहने वाला जिसमें वह अपनी इस हार के सिलसिले को तोड़ना चाहेंगे। आरसीबी का दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अभी तक आईपीएल में पलड़ा भारी दिखा है, जिसमें वह 20 मुकाबलों को जीतने में कामयाब रहे हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने 12 मैचों को जीता है।


