नई दिल्ली : 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने चोट के कारण मैड्रिड ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। यह टूर्नामेंट 23 अप्रैल से शुरू होने वाला है, लेकिन जोकोविच ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस फैसले की जानकारी दी।
नोवाक जोकोविच का मैड्रिड ओपन से हटने पर बयान क्या रहा?
जोकोविच ने बताया कि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और जल्द वापसी के लिए अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘अफसोस की बात है कि मैं इस साल मैड्रिड ओपन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा। मैं जल्द ही वापसी करने के लिए अपनी रिकवरी जारी रखे हुए हूं। जल्द ही मिलते हैं!’ टूर्नामेंट आयोजकों ने भी बयान जारी करते हुए कहा कि तीन बार के चैंपियन जोकोविच इस साल प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही वापसी करेंगे।
नोवाक जोकोविच एक महीने से कोर्ट से दूर, फिटनेस पर सवाल
39 वर्षीय जोकोविच पिछले एक महीने से कोर्ट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच इंडियन वेल्स में खेला था, जहां चौथे राउंड में उन्हें जैक ड्रेपर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस साल जोकोविच ने केवल दो टूर्नामेंट खेले हैं। ऑस्ट्रेलियन ओपन में वह उपविजेता रहे, जबकि इंडियन वेल्स में राउंड ऑफ 16 तक पहुंचे। उन्होंने पिछले महीने मियामी ओपन से भी दाएं कंधे की चोट के कारण नाम वापस लिया था। जोकोविच हाल ही में हुए मोंटी कार्लो मास्टर्स में भी नहीं खेले, जहां यानिक सिनर ने कार्लोस अल्कारेज को हराकर पहली बार खिताब जीता।
जोकोविच तीन बार जीत चुके हैं मैड्रिड ओपन का खिताब
नोवाक जोकोविच ने अपने करियर में मैड्रिड ओपन का खिताब तीन बार (2011, 2016 और 2019) जीता है और इस टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने यहां 30 मैच जीते हैं और केवल 10 में हार का सामना किया है। अब जोकोविच का अगला निर्धारित टूर्नामेंट इटैलियन ओपन है, जो 8 मई से शुरू होगा। हालांकि, इसमें उनकी भागीदारी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।


