फीनिक्स. एनबीए टीम Golden State Warriors के मुख्य कोच Steve Kerr ने टीम के प्ले-इन मुकाबले से बाहर होने के बाद अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता जताई है। Phoenix Suns से 111-96 की हार के बाद केर ने कहा कि कोचिंग करियर का भी एक समय होता है और शायद अब बदलाव का समय आ सकता है। केर ने कहा कि वह अभी अपने भविष्य को लेकर निश्चित नहीं हैं और अगले एक-दो हफ्तों में टीम प्रबंधन के साथ चर्चा करेंगे। उन्होंने माना कि हर कोचिंग कार्यकाल का एक अंत होता है और कभी-कभी नई सोच और नए लोगों की जरूरत होती है।
करीब 12 सीजन से टीम के साथ जुड़े केर ने Golden State Warriors को 2015, 2017, 2018 और 2022 में एनबीए चैंपियन बनाया। लेकिन हाल के वर्षों में टीम का प्रदर्शन गिरा है और इस सीजन में 37-45 के रिकॉर्ड के साथ टीम प्ले-इन तक ही सीमित रह गई। टीम के स्टार खिलाड़ी Stephen Curry ने केर को बनाए रखने की इच्छा जताई, लेकिन कहा कि अंतिम फैसला कोच की इच्छा पर निर्भर करेगा। वहीं Draymond Green ने साफ किया कि वह अभी संन्यास लेने के मूड में नहीं हैं। केर ने संकेत दिया कि वह किसी अन्य टीम को कोचिंग देने नहीं जाएंगे और उनका फैसला टीम व खिलाड़ियों के साथ तालमेल पर निर्भर करेगा।


