महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए चिंता बढ़ी, खिताब की राह मुश्किल

0

नई दिल्ली : आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के नजदीक आते ही तैयारियों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। इससे पहले हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम फिलहाल दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही है, लेकिन अब तक खेले गए दोनों मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। यह प्रदर्शन वर्ल्ड कप से पहले टीम के लिए चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

लगातार दो हार के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर दबाव बढ़ा

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज के पहले दोनों मैच टीम इंडिया हार चुकी है। बड़ी बात ये है कि दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया कभी खेल में नजर ही नहीं आई। पहले मैच की बात करें तो उसमें बैटिंग के दौरान भारतीय टीम सात विकेट पर केवल 157 रन बना सकी। साउथ अफ्रीका ने टारगेट को चार विकेट के नुकसान पर पांच बॉल शेष रहते ही जीत लिया। इसके बाद जब दूसरे मुकाबले की बारी आई तो भारतीय टीम केवल 147 रन ही बना सकी। जिसे साउथ अफ्रीका ने दो विकेट के नुकसान पर 17 बॉल शेष रहते हासिल कर लिया। इस तरह से दोनों मैच करीब करीब एकतरफा अंदाज में टीम इंडिया हार गई।

तीन मैच बाकी, लेकिन फोकस अब सिर्फ आईसीसी महिला टी20 विश्व कप पर

अभी सीरीज के तीन और मैच बाकी हैं। यानी टीम इंडिया अपनी लय वापस पाकर सीरीज जीत सकती है, लेकिन ये काम काफी मुश्किल है। दरअसल लक्ष्य ये सीरीज जीतना नहीं है, बल्कि टी20 विश्व कप है। जो अब ज्यादा दिन दूर नहीं है। भारतीय टीम ने अभी तक एक भी बार टी20 ​का विश्व कप नहीं जीता है। हाल ही में वनडे विश्व कप पर भारतीय महिला टीम ने कब्जा किया है, इसलिए इस फॉर्मेट में भी उम्मीद की जा रही है, लेकिन अभी जो दो मैच हुए हैं, उससे लगता है कि इस बार भी हाथ खाली रह जाएंगे।

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू; भारत का पहला मैच 14 जून को

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आपको याद दिला दें कि आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है और इस बार इसका आयोजन इंग्लैंड में किया जाएगा। पहले दिन मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ होगा। उम्मीद की जा रही है कि भारत इस मैच में मजबूत प्रदर्शन करेगा, लेकिन असली चुनौती इसके बाद आने वाले मुकाबलों में होगी। अब देखना होगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही सीरीज के बचे हुए तीन मैचों और फिर वर्ल्ड कप में टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here