नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने रोहित शर्मा और ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर की चोट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। खराब फॉर्म से जूझ रही मुंबई इंडियंस के लिए यह खबर काफी राहत देने वाली मानी जा रही है। पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे चल रही MI को उस समय बड़ा झटका लगा था जब रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टीम से बाहर हो गए थे। यह चोट उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में लगी थी, जिसके बाद वह पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे। अब टीम का सामना सोमवार को गुजरात टाइटंस के साथ होना है. ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है, जहां MI आज तक GT को हरा नहीं पाई है.
रोहित शर्मा की वापसी पर बड़ा संकेत मिला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने बताया कि रोहित शर्मा और मिचेल सैंटनर दोनों अब पूरी तरह फिट हैं। रोहित शर्मा नेट्स में बल्लेबाजी करते नजर आए और अपनी फिटनेस पर लगातार काम कर रहे हैं, जबकि सैंटनर भी अब पूरी तरह रिकवर हो चुके हैं और पिछले मैच में बीमारी के कारण नहीं खेल पाए थे।
हालांकि रोहित की वापसी को लेकर अभी हल्का सस्पेंस बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले भी उन्होंने प्रैक्टिस की थी, लेकिन कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस के समय संकेत दिया था कि रोहित “एक-दो मैच और मिस कर सकते हैं।” ऐसे में संभावना है कि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए थोड़ा और समय दिया जा सकता है।
रोहित शर्मा की वापसी से बदलेगा मुंबई इंडियंस का कॉम्बिनेशन
मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा की वापसी टीम के बैलेंस को और मजबूत कर सकती है। उनकी गैरमौजूदगी में टीम ने क्विंटन डिकॉक को मौका दिया था, जिन्होंने पहले ही मैच में शानदार शतक जड़कर अपनी उपयोगिता साबित की। अब अगर रोहित शर्मा टीम में वापसी करते हैं, तो प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में क्विंटन डिकॉक और रयान रिकेल्टन में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है, जिससे टीम कॉम्बिनेशन को लेकर मैनेजमेंट के सामने चुनौती खड़ी हो जाएगी।


