IPL 2026: अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक से हैदराबाद की लगातार तीसरी जीत, दिल्ली को 47 रनों से रौंदा

0

हैदराबाद. राजीव गांधी उप्पल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 47 रनों से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 242 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद की इस ऐतिहासिक पारी के नायक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने मात्र 68 गेंदों में 10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 135 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। उनके अलावा ट्रैविस हेड ने 37 और कप्तान ईशान किशन ने 25 रन बनाए, जबकि हेनरिक क्लासेन ने नाबाद 37 रन बनाकर अभिषेक के साथ 66 रनों की अटूट साझेदारी की। दिल्ली की ओर से एकमात्र विकेट अक्षर पटेल को मिला।

243 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और उसने 21 रन पर पाथुम निसांका का विकेट गंवा दिया। इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने 45 गेंदों पर 86 रनों की तेज साझेदारी कर दिल्ली की उम्मीदें जगाईं। नीतीश राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन इन दोनों के आउट होते ही दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी। हैदराबाद की ओर से तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। मलिंगा ने नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और इम्पैक्ट प्लेयर आशुतोष शर्मा को पवेलियन भेजा। उन्होंने राणा और मिलर को लगातार गेंदों पर आउट कर हैट्रिक का मौका भी बनाया था, लेकिन वे इससे चूक गए। इस शानदार जीत के साथ हैदराबाद ने अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here