नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी की वापसी की उम्मीद तेज हो गई है। 44 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी ने मंगलवार (21 अप्रैल) को इस सीजन में पहली बार विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस की। लगभग 40 मिनट तक चले इस अभ्यास सत्र में सरफराज खान और उर्विल पटेल की बल्लेबाजी के दौरान धोनी विकेट के पीछे नजर आए, जिससे उनके मैदान पर उतरने के संकेत मजबूत हुए हैं।
सीजन में पहली बार कीपिंग की प्रैक्टिस
चेन्नई सुपर किंग्स के कई अभ्यास सत्र देखने वालों का कहना है कि यह पहली बार था जब उन्होंने झारखंड के क्रिकेटर को नेट्स के पीछे विकेटकीपिंग की ड्रिल करते देखा। विकेटकीपिंग का अभ्यास करने के बाद धोनी ने लगभग एक घंटे बल्लेबाजी का अभ्यास किया। चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों का सामना करने के बाद थ्रो डाउन लिया।
धोनी दो हफ्ते से ज्यादा समय से नहीं खेले
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के पहले छह मैचों में नहीं खेल पाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले जानकारी दी थी कि धोनी पहले दो हफ्ते नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, 2 हफ्ते से ज्यादा का समय हो गया है। फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। वह चार मैच हारी है और दो जीती है।
चोटों से जूझ रही चेन्नई टीम, बढ़ा दबाव
मैच के दौरान महेंद्र सिंह धोनी होटल में ही रहे, लेकिन अभ्यास सत्र में वह लगातार नजर आए हैं। थ्रोडाउन लेते समय भी वह किसी तरह की परेशानी में नहीं दिखे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ियों का चोटिल होना लगातार चिंता का कारण बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले हफ्ते खलील अहमद और आयुष म्हात्रे चोटिल हो गए, जिसके चलते दोनों पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। फिलहाल टीम ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
MI कैंप में शामिल हुए विल जैक्स
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स टीम के साथ जुड़ चुके हैं और उन्होंने मंगलवार को टीम के साथ अभ्यास भी किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वहीं मुंबई इंडियंस ने सोमवार को गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार हार के सिलसिले को तोड़ते हुए जीत दर्ज की, जिससे टीम का मनोबल भी बढ़ा है।


