नई दिल्ली : बेंगलुरु का मशहूर वन8 कम्यून (One8 Commune) रेस्तरां किराया न चुकाने को लेकर कोर्ट के आदेश के बाद बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इसका बकाया किराया 2 करोड़ रुपये से ज्यादा था। विराट कोहली इस रेस्तरां के सह-मालिक थे, हालांकि उन्होंने पहले ही इससे अपना नाता तोड़ लिया था और चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास स्थित इस आउटलेट से अपना नाम भी हटा लिया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली ने हाल के सालों में बार-बार नियमों और अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नोटिस मिलने के बाद खुद को वन8 कम्यून से अलग कर लिया। ट्रियो हिल्स हॉस्पिटैलिटी का रेस्तरां लगभग छह महीने से किराया नहीं दे रहा था। इसके अलावा मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर भी बकाया था। इसके बाद बिल्डिंग के मालिक ने शहर के सिविल कोर्ट का रुख किया। कोर्ट सभी बकाया चुकाने तक आउटलेट को बंद करने का आदेश दिया।
विवादों ने बढ़ाई मुश्किलें
आउटलेट को नियामक नियमों के उल्लंघन को लेकर बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका की ओर से कई नोटिस भी जारी किए गए थे। विराट कोहली के ब्रांड से अलग होने और ग्राहकों की संख्या में गिरावट के बाद व्यवसाय को काफी नुकसान झेलना पड़ा। पिछले साल जून में पब और रेस्तरां के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था, क्योंकि वहां धूम्रपान के लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था नहीं की गई थी।
दिसंबर 2023 में लॉन्च हुआ था बेंगलुरु आउटलेट
इससे पहले बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने बिना आवश्यक मंजूरी के आउटलेट चलाने को लेकर नोटिस जारी किया था। इसमें अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) न लेने का मामला भी शामिल था। वन8 कम्यून के खिलाफ निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालन जारी रखने को लेकर केस दर्ज किया गया था। वन8 कम्यून की बेंगलुरु ब्रांच दिसंबर 2023 में शुरू हुई थी।


