एनएसटी न्यूज, भोपाल। तात्या टोपे स्टेडियम में 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवान दास सबनानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इंदौर और नगर निगम भोपाल की टीम के बीच खेला गया, जिसमें इंदौर की टीम ने 21-17 अंकों से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। नगर निगम भोपाल की टीम उपविजेता रही। टूर्नामेंट में “हीरो ऑफ द टूर्नामेंट” का खिताब नगर निगम भोपाल के अमित बघेल को प्रदान किया गया, जबकि “बेस्ट शूटर” का पुरस्कार इंदौर टीम के सिकंदर को मिला। इस अवसर पर भोपाल शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम भार्गव, संरक्षक सुबोध श्रीवास्तव, विक्रम अवार्ड से सम्मानित हेमलता छतवानी, कोषाध्यक्ष हिमांशी चौबे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रमेश तिवारी एवं भानु भारद्वाज सहित आयोजन समिति के महासचिव रोहित सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रतियोगिता की सफलता पर बधाई दी।


