Asian Games: नए शेड्यूल पर मंथन, 2031 से ओलंपिक से एक साल पहले हो सकते हैं एशियाड

0

चीन : ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) एशियन गेम्स के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। योजना के तहत इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट को समर ओलंपिक 2032 से ठीक एक साल पहले आयोजित किया जा सकता है। इसका उद्देश्य एशियाड को दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन के साथ बेहतर तालमेल में लाना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ओसीए के वाइस प्रेसिडेंट सॉन्ग लुजेंग ने सोमवार को सिन्हुआ को बताया कि यह समायोजन दोहा एशियन गेम्स से लागू होने की उम्मीद है, जिसे 2030 से 2031 में शिफ्ट किया जाएगा। इस प्रस्ताव को ओसीए कार्यकारिणी बोर्ड ने पहले ही मंजूरी दे दी है और अब इस पर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के साथ आगे बातचीत चल रही है।

सोंग ने आगे क्या बयान दिया?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोंग ने कहा, ‘इससे एशियन गेम्स ओलंपिक के लिए क्वालिफाइंग इवेंट के तौर पर काम कर सकेंगे, जिससे ज्यादा एलीट एथलीट को प्रतियोगिता के कीमती मौके मिलेंगे और गेम्स का ओवरऑल स्टैंडर्ड बढ़ेगा।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोंग ने बताया कि ओलंपिक क्वालिफिकेशन को अभी इंटरनेशनल फेडरेशन मैनेज करते हैं और ओसीए नए प्लान पर उनमें से कुछ के साथ बातचीत के आखिरी स्टेज में है। अगर यह आइडिया मंजूर हो जाता है, तो यह बदलाव दोहा 2030 एशियन गेम्स से शुरू होगा, जिसे 2031 तक टाल दिया जाएगा। इसका असर रियाद 2034 एशियन गेम्स पर पड़ेगा, जो बाद में 2035 में होंगे।

इस वर्ष तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे एशियाड

इसके विपरीत, पहले से निर्धारित आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 19 सितंबर से 4 अक्तूबर 2026 तक ही आयोजित होंगे। खास बात यह है कि भारत 1982 के बाद पहली बार एशियन गेम्स की मेजबानी हासिल करना चाहता है। भारत ने 2038 एशियन गेम्स की मेजबानी में रुचि दिखाई है, जिस पर चीन के सान्या में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) की कार्यकारिणी बोर्ड बैठक में चर्चा भी हुई। नई दिल्ली ने 1951 में एशियन गेम्स के पहले संस्करण की मेजबानी की थी, जबकि आखिरी बार भारत ने 1982 में इस आयोजन की मेजबानी की थी। ऐसे में भारत 2038 एशियन गेम्स की मेजबानी पाने के लिए पूरा प्रयास करता नजर आ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here