नई दिल्ली : दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू मजबूत स्थिति में होने के बावजूद इसका फायदा नहीं उठा सकीं, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने भी अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, जिसके चलते भारत को उबेर कप में चीन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। भारतीय महिला टीम ने मेजबान डेनमार्क से 2-3 की हार के साथ शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद यूक्रेन को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बनाए रखी थीं।
चीन के खिलाफ लगातार तीसरी हार का सामना
उबेर कप में 16 बार के चैंपियन चीन से भारत को पिछले तीनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। सिंधू ने भारत की तरफ से शुरुआत की, जबकि उन्नति हुडा और तन्वी शर्मा की जगह अन्य दो एकल मुकाबलों के लिए ईशारानी बरुआ और देविका सिहाग को टीम में शामिल किया गया। सिंधू निर्णायक सेट में 18-12 से आगे थीं, लेकिन आखिर में वह विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी वांग झियी से 16-21, 21-19, 19-21 से हार गईं। इससे चीन ने सोमवार को ग्रुप ए के इस महत्वपूर्ण मुकाबले में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा पहले युगल मुकाबले में विश्व की नंबर एक जोड़ी लियू शेंग शू और टैन निंग के सामने नहीं टिक पाईं और 11-21, 8-21 से हार गईं। ईशारानी बरुआ ने टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई के सामने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन विश्व में 38वें नंबर की भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में 20-19 पर एक आसान मौका गंवा दिया। विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी युफेई ने यह मैच 44 मिनट में 22-20, 21-13 से जीतकर चीन को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
दूसरे युगल में त्रीसा जॉली और कविप्रिया सेल्वम की जोड़ी को 59 मिनट तक चले मुकाबले में लूओ जू मिन और झांग शू जियान से 10-21, 21-12, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा। विश्व में 43वें नंबर की खिलाड़ी देविका सिहाग ने भी अच्छी शुरुआत की लेकिन वह लय बरकरार रखने में विफल रहीं और तीसरे एकल में विश्व में 97वें नंबर की खिलाड़ी जू वेन जिंग से 21-19, 17-21, 10-21 से हार गईं।
अब सभी की नजरें पुरुष टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं
भारत की निगाहें अब पुरुष टीम के प्रदर्शन पर टिकी हैं, जो थॉमस कप में ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में चीन से भिड़ेगी। 2022 की चैंपियन भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर 5-0 की शानदार जीत दर्ज कर पहले ही क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत और चीन दोनों ही इस ग्रुप में शीर्ष पर बने हुए हैं। भारत ने कनाडा के खिलाफ 4-1 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी, जबकि चीन ने पहले ऑस्ट्रेलिया को 5-0 और फिर कनाडा को 4-1 से हराया था। अब बुधवार को होने वाला भारत-चीन मुकाबला ग्रुप में शीर्ष स्थान तय करेगा।


