गोल्फ की दुनिया ने खोया सितारा, दिग्गज गोल्फर विजय कुमार का निधन

0

नई दिल्ली : भारतीय गोल्फ के दिग्गज और पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन विजय कुमार का 57 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनके निधन की जानकारी प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की और इसकी पुष्टि की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीजीटीआई ने चार बार के ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘हमें भारतीय गोल्फ के एक सच्चे दिग्गज और पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन, विजय कुमार के निधन से बहुत दुख हुआ है।

विजय की सबसे बड़ी उपलब्धि दिल्ली गोल्फ क्लब में 2002 का इंडियन ओपन जीतना था। उन्होंने स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में खेले गए अल्फ्रेड डनहिल कप 1999 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उनकी असाधारण उपलब्धियां, उनके टैलेंट, वर्षों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का नतीजा हैं, जिन्होंने भारतीय गोल्फ पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीजीटीआई ने कहा, ‘अपनी कामयाबियों के अलावा, हमेशा मुस्कुराते रहने वाले विजय को उनके सकारात्मक रवैये, खुशमिजाज स्वभाव, शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर और खेल भावना के लिए याद किया जाएगा। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सभी पेशेवर और अधिकारियों की ओर से, हम विजय कुमार के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जताते हैं।’ विजय कुमार का जन्म 29 दिसंबर 1968 को लखनऊ में हुआ था।

उन्होंने 1988 में पेशेवर गोल्फर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। 1990 के दशक के मध्य से लेकर अगले दशक की शुरुआत तक उन्होंने भारतीय घरेलू गोल्फ पर अपना दबदबा बनाए रखा और कई खिताब अपने नाम किए। वह चार बार (1995-96, 1997-98, 1998-99 और 1999-2000) इंडियन प्रोफेशनल सर्किट में ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन रहे। विजय कुमार इंडियन ओपन जीतने वाले केवल सात भारतीय खिलाड़ियों में शामिल थे। इसके अलावा वह 2006 इंडियन ओपन में संयुक्त रूप से रनर-अप भी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here