सचिन-रोहित के क्लब में शामिल हुए रिकेल्टन, लेकिन टीम को नहीं मिला फायदा

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 41वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर एक और यादगार जीत दर्ज की। यह मुकाबला आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े रन चेज़ में से एक था, जहां SRH ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को हासिल कर लिया। टीम की ओर से हेनरिक क्लासेन, ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और सलिल अरोड़ा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स ने दबाव में भी बेहतरीन संयम दिखाया और बड़े लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

सनराइजर्स हैदराबाद की जीत ने मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन के शतक पर पानी फेर दिया। रयान रिकेल्टन ने 223.64 के स्ट्राइक रेट से 55 गेंद में 10 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 123 रन बनाए। रयान रिकेल्टन ने 44 गेंद में अपना शतक पूरा किया और मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया। रयान रिकेल्टन से पहले यह रिकॉर्ड सनत जयसूर्या के नाम था। सनत जयसूर्या ने 45 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। रयान रिकेल्टन के 123 रन MI के किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। रयान ने IPL के पहले सीजन में सनत जयसूर्या के नाबाद 114 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, रयान रिकेल्टन के लिए शतक की खुशी तब काफूर हो गई, जब बुधवार 29 अप्रैल की रात उनकी टीम हार गई।

इस हार के कारण रयान रिकेल्टन सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा के साथ उस अनचाहे क्लब में शामिल हो गये, जिसमें शतक बनाने के बावजूद उनकी टीम ने हार झेली थी। रयान रिकेल्टन मुंबई इंडियंस के चौथे बल्लेबाज हैं, जिनका शतक टीम के काम नहीं आ पाया। रयान रिकेल्टन से पहले सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, क्विंटन डीकॉक के शतकों पर भी पानी फिर चुका है। सचिन तेंदुलकर ने 2011 सीजन में कोच्चि टस्कर्स केरल के खिलाफ शतक लगाया था, लेकिन उस मैच में उनकी टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा ने 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शतक जड़ा, लेकिन मुंबई इंडियंस को 20 रन से हार झेलनी पड़ी। इसी तरह क्विंटन डी कॉक ने भी शतक लगाया, लेकिन उस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली।

मुंबई इंडियंस की ओर लगा शतक, लेकिन टीम को मिली हार
बल्लेबाजरनगेंदेंचौकेछक्केस्ट्राइक रेटविपक्षी टीममैदानमैच की तिथि
सचिन तेंदुलकरनाबाद 10066123151.51कोच्चि टस्कर्स केरलावानखेड़े स्टेडियम15 अप्रैल 2011
रोहित शर्मानाबाद 10563115166.66चेन्नई सुपर किंग्सवानखेड़े स्टेडियम14 अप्रैल 2024
क्विंटन डीकॉकनाबाद 1126087186.66पंजाब किंग्सवानखेड़े स्टेडियम16 अप्रैल 2026
रयान रिकेल्टननाबाद 12355108223.63सनराइजर्स हैदराबादवानखेड़े स्टेडियम29 अप्रैल 2026

इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद ने दूसरी बार 240 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद IPL में अपनी जीत का शतक पूरा किया। सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल में सौ मैच जीतने (सुपर ओवर में मिली जीत सहित) वाली आठवीं टीम बनी। IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की यह लगातार पांचवीं जीत थी। आईपीएल में यह पांचवीं बार है, जब सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार पांच या उससे ज्यादा मैच जीते। इससे पहले उसने 2016, 2017, 2018, 2022 संस्करण में लगातार पांच या उससे ज्यादा जीत हासिल की थी। सनराइजर्स हैदराबाद ने 2018 के संस्करण में आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा छह मैच जीते थे।

आईपीएल इतिहास में अब तक 48 बार 200 या उससे ज्यादा रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जा चुका है। खास बात यह है कि इनमें से 33 बार यह कारनामा पिछले चार सीजन में हुआ है। इसके मुकाबले 2008 से 2022 के बीच सिर्फ 15 बार ही 200+ रन का लक्ष्य चेज किया गया था। आईपीएल 2025 के बाद से खेले गए 19 ऐसे बड़े रन चेज में से केवल 5 मुकाबले ही आखिरी ओवर तक पहुंचे, जबकि बाकी मैचों में टीमें 19वें ओवर से पहले ही जीत दर्ज करने में सफल रहीं। दिलचस्प बात यह भी है कि जो 5 मैच 20वें ओवर तक गए, उनमें से कोई भी मुकाबला 19.3 ओवर से आगे नहीं बढ़ सका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here