नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन में 3 मई को दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें पहला मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।
अगर दोनों टीमों के इस सीजन के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो सनराइजर्स हैदराबाद की स्थिति काफी मजबूत दिखाई दे रही है। टीम ने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 6 में जीत हासिल की है, जबकि सिर्फ 3 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जिससे वह पॉइंट्स टेबल में अच्छी स्थिति में बनी हुई है।
कोलकाता नाइट राइडर्स टीम को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 8 मैच खेले हैं और सिर्फ दो को ही जीतने में कामयाब हो सके हैं, जिसमें उनके कुल 5 अंक हैं। ऐसे में केकेआर के लिए ये मुकाबला काफी अहम है यदि उन्हें खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में खुद को शामिल रखना है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच में ये दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें पिछले मैच को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 65 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही थी।
आईपीएल इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद और केकेआर के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें केकेआर का पलड़ा काफी भारी दिखता है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 31 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 20 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 11 मैचों को ही जीतने में कामयाब हो सकी है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें 7 मुकाबलों में एसआरएच की टीम जहां सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है तो वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 मैचों को अपने नाम किया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पिछले कुछ मुकाबलों में अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की ओपनिंग जोड़ी जबरदस्त फॉर्म में नजर आई है। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है, जिससे विपक्षी टीमों पर दबाव बनता दिखा है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में भी इन दोनों से बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। खासतौर पर अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन इस सीजन काफी शानदार रहा है, जहां वह 400 से अधिक रन बना चुके हैं। यदि वह इस मैच में एक और बड़ी पारी खेलने में सफल रहते हैं, तो ऑरेंज कैप की रेस में एक बार फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं।


