क्या मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर? या अभी बाकी है उम्मीद—समझें पूरा गणित

0

नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का यह सीजन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 2 मई को खेले गए मुकाबले में मुंबई को 8 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

टीम ने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें से 7 में हार और सिर्फ 2 में जीत मिली है। इस खराब रिकॉर्ड के चलते मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में निचले पायदान पर बनी हुई है। हालांकि अभी टीम आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन आगे का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है और उन्हें बाकी सभी मुकाबलों में जीत के साथ-साथ अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।

मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक लीग स्टेज में कुल 9 मुकाबले खेले हैं जिसके बाद अभी उन्हें 5 मैच और खेलने बाकी हैं, ऐसे में उनको खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में शामिल रखने के लिए बाकी बचे सभी मैचों में जीत हासिल करनी होगी ताकि वह कुल 14 अंकों पर पहुंच जाएं। हालांकि आईपीएल में प्लेऑफ में 14 अंकों के साथ अपनी जगह बना पाना लगभग नामुमकिन सा काम है। ऐसा इसलिए क्योंकि उसे अपने मुकाबले जीतने के साथ ये दुआ भी करनी होगी कि टॉप-4 में अभी काबिज पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स जिनके अभी 12 या उससे अधिक अंक हैं उनमें किसी दो टीम का आगे खराब दौर देखने को मिले, इसके अलावा बाकी टीमों के मुकाबलों के परिणाम पर भी उन्हें नजर बनाकर रखनी होगी। ऐसे में मुंबई इंडियंस के पास 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने का एक चांस जरूर अभी बचा हुआ है।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के अगले 5 मुकाबलों को लेकर बात की जाए तो उन्हें अब 4 मई को अपना अगला मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ खेलना है। इसके बाद उनका अगला मैच 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम से होगा। 14 मई को मुंबई इंडियंस का सामना इस सीजन अब तक धमाकेदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम से होगा जबकि 20 मई को उन्हें अपना अगला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से खेलना है। इस सीजन लीग स्टेज में अपना आखिरी मैच मुंबई इंडियंस की टीम 24 मई को राजस्थान रॉयल्स की टीम से खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here