फ्रेंच ओपन में इनाम राशि पर बवाल, टॉप खिलाड़ियों ने जताई नाराजगी

0

पेरिस : नोवाक जोकोविच, यानिक सिनर, एरिना सबालेंका और कोको गॉफ सहित कई शीर्ष खिलाड़ियों ने फ्रेंच ओपन की पुरस्कार राशि को लेकर गहरी निराशा जताई है। यह क्ले कोर्ट ग्रैंड स्लैम इस महीने के आखिर में पेरिस में शुरू होने वाला है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खिलाड़ियों का कहना है कि सिर्फ प्राइज मनी ही नहीं, बल्कि बेहतर प्रतिनिधित्व, स्वास्थ्य सुविधाओं और पेंशन जैसी अन्य अहम मांगों पर भी आयोजकों ने पर्याप्त ध्यान नहीं दिया है, जिससे असंतोष बढ़ता जा रहा है।

टेनिस जगत में बवाल: आखिर क्या है पूरा विवाद?

खिलाड़ियों की यह मांग तब आई जब फ्रेंच ओपन के आयोजकों ने पिछले महीने घोषणा की थी कि रोलां गैरां पर खेले जाने वाले टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि में लगभग 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है, जिससे कुल पुरस्कार राशि 61.7 मिलियन यूरो (72.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.3 मिलियन यूरो अधिक है। खिलाड़ियों ने सोमवार को जारी बयान में कहा, फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट के राजस्व में खिलाड़ियों की हिस्सेदारी 2024 में 15.5 प्रतिशत से घट गई है और 2026 में इसके 14.9 प्रतिशत रहने की संभावना है।

फ्रेंच ओपन 24 मई से, टेनिस फैंस के लिए बड़ा उत्सव

फ्रेंच ओपन 24 मई से शुरू होगा, जिसमें पुरुष और महिला एकल चैंपियन को 28 लाख यूरो, जबकि उपविजेताओं को 14 लाख यूरो मिलेंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 7.5 लाख यूरो और पहले दौर में हारने वालों को 87,000 यूरो की राशि दी जाएगी। वहीं पुरुष और महिला युगल विजेताओं को 6 लाख यूरो और मिश्रित युगल चैंपियन को 1.22 लाख यूरो मिलेंगे।

हालांकि खिलाड़ियों का कहना है कि वास्तविक आंकड़े एक अलग तस्वीर पेश करते हैं। आयोजकों के अनुसार 2025 में टूर्नामेंट ने 395 मिलियन यूरो का राजस्व हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक था, लेकिन इसके बावजूद पुरस्कार राशि में केवल 5.4 प्रतिशत की ही बढ़ोतरी हुई। इस कारण खिलाड़ियों का कुल राजस्व में हिस्सा घटकर 14.3 प्रतिशत रह गया है, जिससे असंतोष और विवाद और गहरा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here