नई दिल्ली : इंटर मिलान ने परमा को 2-0 से हराकर तीन दौर के मैच बाकी रहते ही सीरी ए का खिताब अपने नाम कर लिया। इंटर को ट्रॉफी सुनिश्चित करने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए आसान जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मार्कस थुरम और हेनरिक मखितार्यान ने एक-एक गोल दागकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
इंटर मिलान से इस जीत से सीरी-ए के 2025 के चैंपियन और फिलहाल दूसरे स्थान पर काबिज नेपोली पर 12 अंकों की अजेय बढ़त बना ली है। यह इंटर मिलान का 21वां सीरी ए खिताब है। वह सर्वाधिक खिताब जीतने के मामले में युवेंटस (36) के बाद दूसरे स्थान पर है। इंटर मिलान की तरफ से पहला गोल पहले हॉफ के समाप्त होने से ठीक पहले मार्कस थुरम ने किया। वहीं 37 वर्षीय हेनरिक मखितार्यान ने 80वें मिनट लीग के शीर्ष गोल स्कोरर लोटारो मार्टिनेज के पास पर मुकाबले का दूसरा गोल दागा।
इटालियन कप फाइनल में इंटर मिलान का सामना, ट्रॉफी जीतने का मौका
इस सत्र में दो ट्रॉफियां जीतने की दौड़ में शामिल इंटर मिलान अब 10 दिन के बाद इटालियन कप के फाइनल में लाजियो का सामना करेगा। इधर लीग में खराब प्रदर्शन से एसी मिलान और जुवेंट्स पर चैंपियंस लीग में अपना स्थान गंवाने का खतरा बढ़ गया है। एसी मिलान को सासुओलो ने 2-0 से हराया, जबकि जुवेंट्स ने विरोना से 1-1 से ड्रा खेला।
रियल की जीत से बढ़ा बार्सिलोना का खिताबी इंतजार
विनीसियस जूनियर के दूसरे हॉफ में 55वें और 66वें मिनट के दो गोल से रियल मैड्रिड ने एस्पेनयोल को 2-0 से हराकर बार्सिलोना का लगातार दूसरी बार स्पेनिश लीग फुटबॉल टूर्नामेंट ला-लिगा का खिताब जीतने का इंतजार बढ़ा दिया। बार्सिलोना ने शनिवार को ओसासुना को 2-1 से हराकर रियल मैड्रिड पर 14 अंकों की बढ़त बना ली थी, लेकिन रियल की इस जीत से अब बार्सिलोना और उसके बीच 11 अंक का अंतर रह गया है।
रियल मैड्रिड अगर एस्पेनयोल से नहीं जीत पाता, तो बार्सिलोना 29वां लीग खिताब अपने नाम कर लेता। अब इस प्रतियोगिता में चार दौर के मैच खेले जाने बाकी हैं। फिलहाल बार्सिलोना 34 मैच में 88 अंक के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि रियल मैड्रिड के इतने ही मैच में 77 अंक हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब इस सप्ताह के आखिर में मैच खेला जाएगा। जिसमें जीत दर्ज करने पर बार्सिलोना के पास फिर चैंपियन बनने का मौका होगा।
दक्षिण कोरिया में उतरेगी उत्तर कोरिया की महिला फुटबॉल टीम, बढ़ेगी रोमांच
उत्तर कोरिया की महिला फुटबॉल टीम इस महीने के आखिर में दक्षिण कोरिया में होने वाले एक क्षेत्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, जो दोनों प्रतिद्वंद्वी देशों के बीच खेल के लिहाज से एक दुर्लभ अवसर माना जा रहा है। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के अनुसार, प्योंगयांग स्थित नेगोह्यांग विमेंस एफसी का सामना 20 मई को सियोल के दक्षिण में स्थित सुवोन में एएफसी महिला चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में सुवोन एफसी विमेंस से होने की उम्मीद है। उत्तर कोरियाई टीम ने इस मुकाबले के लिए अपने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सूची भी जमा कर दी है, जिससे इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले की तैयारियां तेज हो गई हैं।


