लगातार 5 अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय सहवाग, प्लेऑफ में भी किया कमाल

0

नई दिल्ली : वीरेंद्र सहवाग दुनिया के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं, जिनके सामने बड़े से बड़े गेंदबाज भी खौफ खाते थे। जिस तरह उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से धूम मचाई, उसी तरह आईपीएल में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई यादगार रिकॉर्ड अपने नाम किए, जो लंबे समय तक अटूट रहे। सहवाग ने 2008 से लेकर 2015 तक इस लीग में हिस्सा लिया और इस दौरान दो अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व किया।

वीरेंद्र सहवाग ने दिल्ली और पंजाब के लिए दिखाया अपना जलवा

वीरेंद्र सहवाग साल 2008 में जब आईपीएल की शुरुआत हुई थी उस सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के साथ जुड़े थे। वो इस टीम के आइकन प्लेयर थे और पहले ही सीजन में उनकी कप्तानी में दिल्ली की टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। वो दिल्ली के साथ साल 2013 तक यानी 6 साल तक खेले। इसके बाद वो साल 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब के साथ (अब पंजाब किंग्स) जुड़ गए और 2015 तक यानी दो साल तक इस टीम के लिए खेले।

सहवाग के नाम IPL प्लेऑफ का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर, बना बड़ा रिकॉर्ड

वीरेंद्र सहवाग के नाम आईपीएल प्लेऑफ में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का भी रिकॉर्ड दर्ज है। यही नहीं नौ साल तक आईपीएल प्लेऑफ में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड उनके नाम पर रहा। वीरेंद्र सहवाग ने 2014 में दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 122 रन बनाए थे। यह उस समय आईपीएल प्लेऑफ का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था, जिसे शुभमन गिल ने 2023 में तोड़ा। यह वीरेंद्र सहवाग का आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर भी था। इसके अलावा सहवाग आईपीएल के उन कुछ खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने दो अलग-अलग टीमों के लिए शतक लगाए थे। उन्होंने 2011 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए और 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए शतक लगाया था।

लगातार 5 अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने वीरेंद्र सहवाग

वीरेंद्र सहवाग आईपीएल में 5 मैचों में 5 अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज थे। उनसे पहले ये कमाल किसी ने भी नहीं किया था। उन्होंने ये कमाल साल 2012 में दिल्ली के लिए खेलते हुए किया था। साल 2011 में सहवाग ने अपना पहला आईपीएल शतक लगाया था जो उन्होंने 48 गेंदों पर पूरा किया था और उस समय ये किसी भी भारतीय द्वारा आईपीएल में लगाए गए सबसे तेज शतकों में से एक था।

आईपीएल में वीरेंद्र सहवाग का शानदार करियर, कई यादगार पारियां दर्ज

वीरेंद्र सहवाग का आईपीएल करियर काफी शानदार रहा। उन्होंने इस लीग के 8 सीजन में हिस्सा लिया और कुल 104 मैच खेले। इस दौरान वह केवल 5 बार नॉटआउट रहे और उन्होंने 2728 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 155.44 रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। सहवाग ने आईपीएल में 2 शतक और 16 अर्धशतक भी लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन रहा। इस दौरान उन्होंने 334 चौके और 106 छक्के लगाए, जबकि कुल 1755 गेंदों का सामना किया। फील्डिंग में भी उन्होंने 34 कैच पकड़े और अहम योगदान दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here