नई दिल्ली : “हम तो डूबे हैं सनम, तुम्हें भी संग ले डूबेंगे” वाली कहावत इस समय आईपीएल 2026 में बिल्कुल सटीक बैठती नजर आ रही है। एक समय पंजाब किंग्स और आरसीबी की टीमें अंकतालिका में शीर्ष पर चल रही थीं और प्लेऑफ में आसानी से पहुंचती दिखाई दे रही थीं, लेकिन पिछले कुछ मुकाबलों ने पूरा समीकरण बदल दिया है। पंजाब को लगातार तीन मैचों में हार मिली है, जबकि आरसीबी भी लगातार दो मुकाबले गंवा चुकी है। इन हारों के बाद खासतौर पर आरसीबी की मुश्किलें बढ़ गई हैं और टीम के प्लेऑफ समीकरण पर दबाव साफ नजर आने लगा है।
गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार के बाद आरसीबी के अब 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के बाद 12 अंक हैं। अगर टीम को 18 अंक तक पहुंचना है तो बचे हुए चार में से तीन मैच हर हाल में जीतने होंगे। पंजाब किंग्स का भी हाल कुछ ऐसा है लेकिन उसके 13 अंक हैं। उसे भई 18 का आंकड़ा छूने के लिए चार में से तीन मैच जीतने होंगे। फिलहाल टेबल को दो निचली टीमें मुंबई और लखनऊ अब अन्य टॉप टीमों का खेल बिगाड़ना शुरू कर चुकी हैं।
IPL 2026: क्या कहता है प्लेऑफ का नया गणित?
आईपीएल 2026 के 50 मैच पूरे हो चुके हैं। अब सिर्फ 20 लीग मैच बाकी हैं। ताजा अंकतालिका के अनुसार सनराइजर्स हैदराबाद टॉप पर मौजूद है। प्लेऑफ का ताजा समीकरण देखते हुए ऐसा लग रहा है कि 18 का आंकड़ा छूते हुए टीम अपनी जगह प्लेऑफ में पक्की कर लेगी। हैदरबाद ने 11 में से सात मुकाबले जीते हैं और चार में उसे हार मिली है। हैदराबाद अगर बचे हुए तीन में से दो मैच भी जीत जाती है तो प्लेऑफ में एंट्री कर सकती है।
पंजाब और आरसीबी भी प्लेऑफ की रेस में मौजूद हैं और प्रबल दावेदारों में से एक भी बने हुए हैं। अगर चार में से तीन मैच दोनों टीमें जीत जाती हैं तो आसानी से प्लेऑफ में जा सकती है। पंजाब का एक अंक बारिश से एक मुकाबला रद्द होने के कारण अधिक है तो ऐसे में उसे टॉप पोजिशन भी मिल सकती है। इस लिहाज से 17 मई को बेंगलुरु और पंजाब के बीच होने वाला मैच काफी रोचक होगा।
राजस्थान और गुजरात की बात करें तो अभी दोनों टीमें लगभग समान स्थिति में हैं। 10-10 मैच खेलकर दोनों के 12-12 अंक हैं। यानी 18 के फिगर के लिए दोनों टीमों को बचे हुए चार में से तीन मैच जीतने होंगे। इस लिहाज से 9 मई को राजस्थान-गुजरात मैच में हारने वाली टीम की राह मुश्किल में पड़ सकती है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स अब 16 अंकों तक नहीं पहुंच पाएंगी, लेकिन दोनों टीमों ने बाकी टीमों का समीकरण जरूर बिगाड़ना शुरू कर दिया है। यहां से ये टीमें जितने अधिक मुकाबले जीतेंगी, टॉप टीमों के बीच प्लेऑफ की रेस उतनी ही रोमांचक और कड़ी होती जाएगी।
प्लेऑफ की दौड़ में CSK की एंट्री ने बढ़ाया रोमांच
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम के 4 मुकाबले बाकी हैं और उसके खाते में फिलहाल 10 अंक हैं। ऐसे में यदि येलो आर्मी अपने सभी मैच जीतने में सफल रहती है, तो वह प्लेऑफ के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के अभी 5 मैच शेष हैं और बारिश के कारण एक मुकाबला रद्द होने से उसके खाते में एक अतिरिक्त अंक भी है। अगर केकेआर अपने सभी मुकाबले जीत लेती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन सकती है। साथ ही, केकेआर की लगातार जीत 16 अंकों तक पहुंचने वाली अन्य टीमों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर सकती है।


