नई दिल्ली : भारतीय टीम को जल्द ही स्पिन गेंदबाजी कोच मिल सकता है। इस भूमिका के लिए मुंबई के दिग्गज पूर्व स्पिनर साईराज बहुतुले का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। 630 फर्स्ट क्लास विकेट लेने वाले बहुतुले फिलहाल आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं, लेकिन सीजन खत्म होने के बाद उनके फ्रेंचाइजी से अलग होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीसीसीआई उन्हें टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साईराज बहुतुले की भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पदाधिकारियों और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर से बातचीत हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 2001 से 2003 तक भारत के लिए दो टेस्ट और 8 वनडे खेलने वाले 53 साल के बहुतुले स्पिन गेंदबाज कोच के तौर पर काफी प्रसिद्ध हैं। उनसे मुख्य कोच गौतम गंभीर प्रभावित हैं।
गौतम गंभीर ने सुझाया साईराज बहुतुले का नाम
गौतम गंभीर की अगुआई वाली भारतीय टीम के कोचिंग सेटअप में बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और सहायक कोच रेयान टेन डोएशेट शामिल हैं। फिलहाल कोई तय स्पिन गेंदबाजी कोच नहीं है और माना जा रहा है कि गंभीर ने इस भूमिका के लिए बहुतुले का नाम सुझाया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के साथ पहले भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
साईराज बहुतुले पहले भी कई मौकों पर सीनियर भारतीय टीम के साथ काम कर चुके हैं। नेशनल क्रिकेट एकेडमी और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने खास तौर पर 2023 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान बहुतुले को टीम से जुड़ने का अनुरोध किया था। इसके अलावा वह श्रीलंका दौरे पर द्रविड़ के सपोर्ट स्टाफ का भी हिस्सा रहे थे। बहुतुले, द्रविड़ के साथ राजस्थान रॉयल्स के कोचिंग सेटअप में भी काम कर चुके हैं।


