टी20 लीग में सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, खिलाड़ी से लेकर मैनेजर तक पर गिरी गाज

0

नई दिल्ली : आईपीएल 2026 में जहां हनीट्रैप और अनधिकृत व्यक्तियों को लेकर सख्त गाइडलाइन जारी की गई हैं, वहीं दूसरी ओर बांग्लादेश की टी20 लीग बीपीएल (बांग्लादेश प्रीमियर लीग) में सट्टेबाजी और भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। गुरुवार को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने कई खिलाड़ियों, टीम मालिकों, मैनेजर और अन्य अधिकारियों को इस मामले में शामिल पाते हुए उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया। इन सभी पर बीपीएल के 12वें सीजन के दौरान आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधी नियमों का उल्लंघन करने का आरोप साबित हुआ है।

बोर्ड ने अपने बयान में बताया कि, इस जांच को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इंटेग्रिटी यूनिट (BCBIU) द्वारा संचालित किया गया है। इस जांच में भ्रष्टाचार की गतिविधियां, सट्टेबाजी और जांच में सहयोग ना करने व बाधा उत्पन्न करने के मामले सामने आए हैं। क्रिकबज के मुताबिक बीसीबी ने अपने बयान में बताया,”BCBIU की जांच में यह सामने आया है कि बीपीएल टी20 लीग के 12वें सीजन में भ्रष्टाचार, सट्टेबाजी, जांच में सहयोग ना करने और जांच में बाधा उत्पन्न करने के आरोप लगाए गए हैं।”

रिपोर्ट में बोर्ड की ओर से बताया गया कि एक टीम के मैनेजर मोहम्मद लबलुर रहमान को जांच में शामिल अधिकारियों के साथ सहयोग न करने (आर्टिकल 2.4.6) और जांच प्रक्रिया में बाधा डालने (आर्टिकल 2.4.6) का दोषी पाया गया है। इसी तरह एक फ्रेंचाइजी के सह-मालिक मोहम्मद तौहिदुल हक तौहीद पर भी इसी प्रकार के आरोप लगाए गए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

एक खिलाड़ी पर भी गिरी गाज, बोर्ड ने लिया कड़ा एक्शन

इसके अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने घरेलू क्रिकेटर अमित मोजुमदर और टीम मैनेजर रेजवान कबीर सिद्दिकी को किसी मैच में सट्टेबाजी गतिविधियों से जुड़े आरोप (आर्टिकल 2.2.1) में दोषी पाया है। बोर्ड ने बताया कि सभी आरोपियों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और उन्हें आरोपों से जुड़े नोटिस का जवाब देने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है।

इसके अलावा बीसीबी ने समीनुर रहमान को बहिष्कृत करने का आदेश भी जारी किया है, क्योंकि उन्हें बीपीएल के 9वें, 10वें और 11वें सीजन में भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल पाया गया है। इन सभी मामलों में जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की गई है। बोर्ड के अनुसार यह पूरा मामला सट्टेबाजी और भ्रष्टाचार से जुड़ा है, जिसमें खिलाड़ी, एजेंट और अन्य संबंधित लोग शामिल थे, और यह सभी घटनाएं बीपीएल मैचों के दौरान सामने आई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here