मुंबई. Board of Control for Cricket in India ने आईपीएल फ्रेंचाइजियों, खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के आचरण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सभी 10 टीमों को सात पन्नों की कड़ी एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने कहा है कि मौजूदा सीज़न के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं जो आईपीएल, संबंधित फ्रेंचाइजी और बीसीसीआई की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
बीसीसीआई सचिव Devajit Saikia द्वारा जारी इस एडवाइजरी में किसी टीम या खिलाड़ी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन कई तरह के अनुशासनहीन व्यवहार और सुरक्षा प्रोटोकॉल उल्लंघनों का उल्लेख किया गया है। इनमें होटल के कमरों में अनधिकृत लोगों की एंट्री, मैच के दौरान टीम मालिकों का खिलाड़ियों से संपर्क, ड्रेसिंग रूम में वेपिंग और बिना अनुमति होटल छोड़ने जैसी घटनाएं शामिल हैं।
होटल कमरों में बाहरी लोगों की एंट्री पर सख्ती
बीसीसीआई ने कहा कि कई मामलों में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने बिना टीम मैनेजर की अनुमति के लोगों को अपने होटल कमरों में बुलाया। बोर्ड ने इसे गंभीर सुरक्षा खतरा बताया है। अब किसी भी परिवार सदस्य, दोस्त या अन्य व्यक्ति को कमरे में बुलाने के लिए लिखित अनुमति जरूरी होगी। मेहमानों से मुलाकात केवल होटल लॉबी में ही की जा सकेगी। बोर्ड ने “हनी-ट्रैप” और भ्रष्टाचार के खतरों का भी जिक्र करते हुए फ्रेंचाइजियों को सतर्क रहने को कहा है।
मैच के दौरान खिलाड़ियों से नहीं मिल सकेंगे मालिक
एडवाइजरी में कहा गया कि कुछ फ्रेंचाइजी मालिक मैच के दौरान डगआउट या मैदान के पास खिलाड़ियों से मिलने, बातचीत करने या गले मिलने की कोशिश करते देखे गए। बीसीसीआई ने इसे स्थापित प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि मैच खत्म होने से पहले मालिकों या उनके सहयोगियों को खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों से ड्रेसिंग रूम, डगआउट या प्लेइंग एरिया में मिलने की अनुमति नहीं है। ऐसा करना गंभीर अनुशासनात्मक उल्लंघन माना जाएगा।
वेपिंग और ई-सिगरेट पर पूरी तरह प्रतिबंध
बीसीसीआई ने मैच स्थलों, ड्रेसिंग रूम, टीम होटल और ट्रेनिंग एरिया में वेपिंग और ई-सिगरेट के इस्तेमाल पर भी कड़ी चेतावनी दी है। Riyan Parag को पिछले महीने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करने पर दंडित किया गया था। बोर्ड ने कहा कि भारत में वेप और ई-सिगरेट प्रतिबंधित हैं, इसलिए इनका उपयोग आईपीएल नियमों के साथ-साथ कानूनी उल्लंघन भी माना जाएगा।
नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बीसीसीआई ने कहा कि वह फ्रेंचाइजियों पर निगरानी रखने के लिए रैंडम जांच भी करेगा। नियमों का उल्लंघन होने पर शो-कॉज नोटिस, जुर्माना, निलंबन या भविष्य के आईपीएल सीज़न से बाहर किए जाने जैसी कार्रवाई हो सकती है। साथ ही बोर्ड ने यह भी साफ किया कि यदि किसी मामले में कानूनी अपराध, सुरक्षा उल्लंघन या उत्पीड़न जैसे आरोप सामने आते हैं तो उसे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंपा जाएगा।


