रायपुर। (NST NEWS) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के रंग में डूबने जा रही है। करीब 10 साल बाद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल का रोमांच लौट रहा है और पूरे प्रदेश में क्रिकेट का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला हाईवोल्टेज मुकाबला अब सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं माना जा रहा।
विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को एक साथ मैदान पर देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह है। सोशल मीडिया से लेकर शहर की सड़कों तक सिर्फ आईपीएल की ही चर्चा हो रही है। स्टेडियम के बाहर टीम जर्सी, पोस्टर और क्रिकेट मर्चेंडाइज की बिक्री भी तेज हो गई है। रायपुर के होटल, कैफे और रेस्टोरेंट भी क्रिकेट थीम में रंगते नजर आ रहे हैं।
रायपुर पहुंचने लगीं टीमें, एयरपोर्ट पर उमड़ा फैंस का सैलाब
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस जमा हो गए। विराट कोहली के स्वागत में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी पहले से रायपुर में मौजूद है और खिलाड़ियों ने स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है।
हाई अलर्ट पर प्रशासन, सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम
IPL मुकाबलों को लेकर रायपुर प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और पुलिस प्रशासन लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पूरे आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 8 IPS अधिकारी, 20 राजपत्रित अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहेंगे। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग और विशेष सुरक्षा टीमों की तैनाती की गई है। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए भी पुलिस विशेष नजर बनाए हुए है।
ट्रैफिक प्लान तैयार, 12 गेट से होगी एंट्री
मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, धमतरी, महासमुंद और जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं, जबकि वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग रूट आरक्षित रहेगा। पार्किंग की व्यवस्था साई अस्पताल, सेंध तालाब, परसदा और कोसा पार्किंग क्षेत्र में की गई है।
कैसी होगी रायपुर की पिच?
क्रिकेट विशेषज्ञों के मुताबिक रायपुर की पिच इस बार बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। बड़े मैदान और नई पिच के कारण स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है, जबकि बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है। ऐसे में मुकाबला रोमांच से भरपूर रहने की संभावना है।
पहले भी IPL की मेजबानी कर चुका है रायपुर
गौरतलब है कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इससे पहले साल 2013 और 2015 में IPL मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। उस समय दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने अपने घरेलू मुकाबले रायपुर में खेले थे। लंबे अंतराल के बाद IPL की वापसी ने प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। अब पूरा छत्तीसगढ़ 10 मई का इंतजार कर रहा है, जब रायपुर का मैदान विराट कोहली और रोहित शर्मा के महामुकाबले का गवाह बनेगा। क्रिकेट का जुनून चरम पर है और राजधानी रायपुर पूरी तरह तैयार नजर आ रही है।
प्रियेश चौबे( रायपुर)


