रोम : छह बार के इटालियन ओपन विजेता नोवाक जोकोविच को बड़ा झटका लगा है, जहां उन्हें दुनिया के 79वें नंबर के खिलाड़ी डारियो प्रिजमिक के खिलाफ तीन सेटों में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत में जोकोविच ने पहला सेट 6-2 से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद प्रिजमिक ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा और तीसरा सेट जीत लिया। अंततः प्रिजमिक ने यह मैच 2-6, 6-2, 6-4 से जीतकर जोकोविच को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
नोवाक जोकोविच का इटालियन ओपन में टूटा शानदार रिकॉर्ड
यह पहली बार है जब जोकोविच इटालियन कैपिटल में अपने शुरुआती मैच में हारे हैं। प्रिजमिक ने अब दो टॉप 10 जीत हासिल की हैं। उन्होंने पिछले महीने मैड्रिड में एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट के तीसरे राउंड में बेन शेल्टन को हराया था। 20 साल के प्रिजमिक का लक्ष्य पहली बार इस लेवल पर चौथे राउंड में पहुंचना है। उन्हें अगला मैच उगो हम्बर्ट से खेलना है। जोकोविच ने पहला सेट सिर्फ 40 मिनट में जीता था। जोकोविच दूसरे सेट में इस लय को बरकरार नहीं रख सके। उनकी सटीकता फीकी पड़ गई। युवा क्रोएशियाई खिलाड़ी ने लगातार दबाव बनाना जारी रखा, जिससे 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन को और गलतियां करने पर मजबूर होना पड़ा और मैच को निर्णायक तीसरे सेट में ले गया। उन्होंने बार-बार प्रिजमिक पर गलतियां करने का दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन क्रोएशियाई खिलाड़ी डटा रहा और अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल की।
फ्रेंच ओपन में दिखेगा दम, खिलाड़ियों ने भरी हुंकार
इस साल की शुरुआत में नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियन ओपन में यानिक सिनर को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। अब उम्मीद की जा रही है कि वह इस महीने के अंत में होने वाले फ्रेंच ओपन से पहले पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे। जोकोविच अपनी रिकॉर्ड 25वीं ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीतने की कोशिश में जुटे हैं, जिसे लेकर फैंस की नजरें एक बार फिर उन पर टिकी हुई हैं।


