Shrewsbury और JLU ग्राउंड पर पसीना बहा रहे खिलाड़ी; आईपीएल स्टार अरशद खान और अनिकेत वर्मा संभालेंगे टीम की कमान
एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के आगामी 2026 सीजन के लिए रोमांच चरम पर है। गत विजेता भोपाल लेपर्ड्स ने अपने प्रतिष्ठित ‘सिंधिया कप’ खिताब का बचाव करने के लिए कमर कस ली है। टीम ने मई 2026 से अपने सघन प्री-टूर्नामेंट प्रैक्टिस कैंप की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। फ्रेंचाइजी ने इस बार निरंतरता और अनुभव पर भरोसा जताते हुए अपने कोर ग्रुप को बरकरार रखा है, जिससे टीम का पलड़ा एक बार फिर भारी नजर आ रहा है।
टीम ओनर ने जताया जीत पर भरोसा
फ्रेंचाइजी के ओनर अभिषेक मोहन गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए टीम की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, भोपाल लेपर्ड्स अपने खिताब को बचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमारे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं और जिस तरह से अभ्यास सत्र चल रहा है, उसे देखकर हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार भी हम सिंधिया कप जीतने में सफल होंगे। हमारी टीम बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही विभागों में बेहद संतुलित और मजबूत है। टीम के हर सदस्य में जीत का वही जुनून है जो पिछले सीजन में था।

दो प्रमुख मैदानों पर चल रहा है अभ्यास
भोपाल लेपर्ड्स की टीम वर्तमान में राजधानी के दो विश्वस्तरीय खेल परिसरों में अभ्यास कर रही है। खिलाड़ियों के हुनर को निखारने के लिए ‘श्रुसबरी इंटरनेशनल स्कूल’ (Shrewsbury) के विशाल फ्लडलाइट क्रिकेट ग्राउंड और ‘जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी’ (JLU) की हाई-परफॉर्मेंस सुविधाओं का उपयोग किया जा रहा है। कैंप में खिलाड़ियों की फिटनेस, मैच सिमुलेशन (मैच जैसी परिस्थितियां) और टीम कॉम्बिनेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
आईपीएल सितारों से सजी है टीम
टीम की सबसे बड़ी मजबूती इसके स्टार खिलाड़ी हैं, जो वर्तमान में आईपीएल (IPL) 2026 में अपना जलवा बिखेर रहे हैं। टीम की कप्तानी धाकड़ ऑलराउंडर अरशद खान कर रहे हैं, जो गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। वहीं, बल्लेबाजी की जिम्मेदारी विस्फोटक बल्लेबाज अनिकेत वर्मा के कंधों पर होगी, जो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं। इन अनुभवी खिलाड़ियों के आने से टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।

कोच बृजेश तोमर के मार्गदर्शन में रणनीतियां तैयार
टीम के हेड कोच और अनुभवी क्रिकेटर बृजेश तोमर खिलाड़ियों को चैंपियन मानसिकता के साथ तैयार कर रहे हैं। बीसीसीआई मैच रेफरी और अनुभवी कोच के रूप में तोमर अपनी आक्रामक रणनीति और हाई-परफॉर्मेंस संस्कृति विकसित करने के लिए जाने जाते हैं। उनके साथ एक विस्तृत कोचिंग स्टाफ भी मौजूद है, जो टीम की उसी निडर शैली को बरकरार रखने पर काम कर रहा है, जिसने पिछले साल टीम को चैंपियन बनाया था।
अनुभव और युवाओं का अनूठा मिश्रण
फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने आईपीएल प्रतिभाओं के साथ-साथ मध्य प्रदेश क्रिकेट के उभरते सितारों को भी टीम में जगह दी है। स्क्वाड में राहुल चंद्रोल, अजय मिश्रा, युवराज नेमा और अमन कस्तुरे जैसे प्रतिभाशाली नाम शामिल हैं। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी इस कैंप को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रमुख टी20 लीग में भोपाल लेपर्ड्स एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भोपाल लेपर्ड्स: MPL 2026 स्क्वाड
अरशद खान (कप्तान), अनिकेत वर्मा, कमल त्रिपाठी, प्रांजुल पुरी, सूरज यादव, हिमांशु शिंदे, अनुराग मालवीय, अंचित ठाकुर, अमोल कस्तुरे, तनिष्क यादव, अंश बगड़िया, राहुल चंद्रोल, अजय मिश्रा, युवराज नेमा, पवन निर्वाणी, कुणाल राय और मनीष कुमार।


