MI और LSG प्लेऑफ़ की दौड़ से बाहर
इंद्रजीत मौर्य-प्रियेश चौबे. रायपुर।
Indian Premier League 2026 के 54वें मुकाबले में रविवार रात रायपुर के Shaheed Veer Narayan Singh International Stadium में ऐसा रोमांच देखने को मिला जिसने क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें आखिरी गेंद तक बढ़ाए रखीं। Royal Challengers Bengaluru ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में Mumbai Indians को 2 विकेट से हराकर यादगार जीत दर्ज की। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने आखिरी गेंदों में मैच अपने नाम किया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी RCB ने शुरुआत से ही मुंबई को दबाव में रखा। अनुभवी तेज गेंदबाज Bhuvneshwar Kumar ने पहले ही ओवर में विकेट लेकर मुंबई की कमर तोड़ दी। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को चलता किया। इसके बाद रोहित शर्मा ने आते ही दो छक्के और दो चौकों की मदद से 10 गेंदों में 22 रन ठोककर आक्रामक संकेत दिए, लेकिन भुवनेश्वर ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। अगली ही गेंद पर कप्तान Suryakumar Yadav बिना खाता खोले आउट हो गए। मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर सिर्फ 28 रन था।

मुश्किल हालात में युवा बल्लेबाज नमन धीर और Tilak Varma ने मोर्चा संभाला। दोनों ने संयम के साथ पारी को आगे बढ़ाया। नमन धीर ने 32 गेंदों पर 47 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 42 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। दोनों की साझेदारी ने मुंबई को सम्मानजनक स्कोर की ओर पहुंचाया। आखिर में राज बावा ने 16 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 166/7 तक पहुंचाया। RCB की ओर से भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। Josh Hazlewood और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत बेहद खराब रही। स्टार बल्लेबाज Virat Kohli पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार भी जल्दी लौट गए। 39 रन तक RCB के तीन बड़े विकेट गिर चुके थे और मुंबई पूरी तरह हावी दिख रही थी।

ऐसे में ऑलराउंडर Krunal Pandya ने कमाल की कप्तानी पारी खेली। उन्होंने दबाव में 46 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। क्रुणाल ने पहले जैकब बेथेल के साथ साझेदारी की और फिर विकेटकीपर जितेश शर्मा के साथ मिलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। मुंबई की ओर से कॉर्बिन बॉश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और मैच को आखिरी ओवर तक खींच दिया। जब 6 गेंदों में 10 रन चाहिए थे, तब मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ था। मुंबई को जीत की उम्मीद थी, लेकिन आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने बल्ले से कमाल दिखा दिया।
आखिरी ओवर का राेमांच
मैच का सबसे बड़ा रोमांच आखिरी ओवर में देखने को मिला, जब RCB को जीत के लिए 6 गेंदों में 15 रन चाहिए थे और क्रीज पर दो गेंदबाज मौजूद थे। मुंबई ने गेंद युवा ऑलराउंडर Raj Bawa को सौंपी, लेकिन दबाव में उनसे कई गलतियां हो गईं।ओवर की पहली ही गेंद वाइड रही। अगली गेंद पर रोमारियो शेफर्ड रन नहीं बना सके, लेकिन वह गेंद नो-बॉल निकली, जिससे RCB को फ्री-हिट मिल गई। इसके बाद भी मुंबई दबाव बनाए रखने में सफल रही और शेफर्ड बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में तिलक वर्मा को कैच थमा बैठे। उस समय लगा कि मैच पूरी तरह मुंबई की तरफ झुक गया है। लेकिन इसके बाद अनुभवी Bhuvneshwar Kumar ने बल्लेबाजी में भी कमाल कर दिया। 19.4 पर उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर डाली गई यॉर्कर गेंद को शानदार तरीके से कवर के ऊपर से छक्का जड़ दिया। यह शॉट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और पूरा स्टेडियम गूंज उठा। आखिरी दो गेंदों में RCB को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे। भुवनेश्वर ने अगली गेंद पर एक रन लिया और फिर अंतिम गेंद पर राशिख सलाम ने सीधे शॉट खेलकर तेजी से दो रन पूरे किए। राज बावा ने गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन राशिख की तेज दौड़ और डाइव ने RCB को रोमांचक जीत दिला दी। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस का IPL 2026 अभियान लगभग समाप्त हो गया, जबकि RCB लगातार दो हार के बाद शानदार वापसी करते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
क्रुणाल पांड्या की 73 रन की मैच जिताऊ पारी
क्रुणाल पांड्या की 73 रन की मैच जिताऊ पारी और भुवनेश्वर कुमार के हरफनमौला प्रदर्शन ने RCB को यह रोमांचक जीत दिलाई। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा, जबकि मुंबई को बड़ा झटका लगा है। रायपुर के दर्शकों ने इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का भरपूर आनंद लिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।


