नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार (11 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में आरसीबी की जीत के सबसे बड़े नायक भुवनेश्वर कुमार रहे। उन्होंने गेंदबाजी में मुंबई के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया ही, साथ ही बल्ले से भी अहम योगदान देकर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। खास बात यह रही कि भुवनेश्वर ने आईपीएल में पूरे 10 साल बाद छक्का लगाया, जो मैच का निर्णायक मोमेंट साबित हुआ। इससे पहले उन्होंने आखिरी बार 2016 में आईपीएल में सिक्स जड़ा था। अब तक वह लीग में कुल चार छक्के लगा चुके हैं।
आखिरी ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी। मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी की जिम्मेदारी राज अंगद बावा के हाथों में थी। उस समय क्रीज पर रोमारियो शेफर्ड 3 रन और रसिख सलाम डार 1 रन बनाकर मौजूद थे। ओवर की पहली दो गेंदों पर आरसीबी ने 4 रन जुटाए। इसके बाद अगली गेंद पर रोमारियो शेफर्ड आउट हो गए और भुवनेश्वर कुमार बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। उस वक्त टीम को जीत के लिए 3 गेंदों पर 9 रन चाहिए थे। फिर अगली गेंद वाइड रही, जिससे समीकरण थोड़ा आसान हुआ। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने शानदार छक्का जड़कर मैच का पूरा रुख बदल दिया। उनके इस सिक्स के बाद आरसीबी को जीत के लिए 2 गेंदों पर सिर्फ 3 रन चाहिए थे। अगली गेंद पर टीम ने 1 रन हासिल किया और मुकाबला आखिरी गेंद तक पहुंच गया।
भुवनेश्वर कुमार ने छीनी पर्पल कैप, गेंदबाजी में मचाया तहलका
आखिरी गेंद पर राज अंगद बावा गेंद को सही तरीके से पकड़ नहीं पाए, जिसका फायदा उठाकर आरसीबी के बल्लेबाजों ने 2 रन पूरे कर लिए। इसी के साथ बेंगलुरु ने लगभग हारा हुआ मुकाबला जीत लिया। इस जीत के बाद आरसीबी के 14 अंक हो गए, जबकि मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं। इससे पहले भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 बड़े विकेट झटके और पर्पल कैप पर कब्जा जमा लिया। उन्होंने रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को अपना शिकार बनाया। भुवनेश्वर अब आईपीएल 2026 में 11 मैचों में 15.29 की औसत से 21 विकेट हासिल कर चुके हैं।


